अमेरिका, चीन और रूस के बीच हुई अहम त्रिपक्षीय बैठक को लेकर भारत की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि अगर केंद्र में कांग्रेस की सरकार होती तो भारत के प्रधानमंत्री भी इन तीनों वैश्विक नेताओं के साथ एक ही मेज पर बैठे होते। उन्होंने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि समझौता करने वाला प्रधानमंत्री कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकता।
राहुल गांधी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब दुनिया की तीन प्रमुख शक्तियों के नेताओं की मुलाकात के बाद अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में भारत की भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
राहुल गांधी ने X पर साझा की तस्वीर
राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की एक साथ बैठक की तस्वीर पोस्ट की। इसके साथ उन्होंने अंग्रेजी में लिखा, ‘अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री इस मेज पर बैठे होते। एक समझौता करने वाला प्रधानमंत्री कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकता।’
राहुल के इस बयान को प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति और वैश्विक मंच पर भारत की भागीदारी पर सवाल उठाने के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस नेता पहले भी अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत की भूमिका को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते रहे हैं।
शेनझेन में हुई ट्रंप-जिनपिंग-पुतिन की बैठक
दरअसल, 19 नवंबर को चीन के तकनीकी केंद्र शेनझेन में अमेरिका, चीन और रूस के राष्ट्राध्यक्षों की त्रिपक्षीय बैठक हुई थी। इसमें डोनाल्ड ट्रंप, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन शामिल हुए। यह मुलाकात एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान हुई।
बैठक में वैश्विक सुरक्षा, युद्धों, परमाणु हथियारों से जुड़े जोखिम और अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। तीनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र में सुधार, तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति बढ़ाने तथा परमाणु जोखिम कम करने के लिए बातचीत जारी रखने पर सहमति जताई।
बैठक के बाद जारी संयुक्त घोषणा में रणनीतिक स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
पहले भी विदेश नीति पर सवाल उठा चुके हैं राहुल
इस बैठक से पहले भी राहुल गांधी ने शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि भारत जैसे बड़े देश को वैश्विक चर्चाओं में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, लेकिन उनके मुताबिक भारत अंतरराष्ट्रीय मामलों में अपनी प्रभावी भूमिका खोकर एक ‘साइड प्लेयर’ बन गया है।
उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में पाकिस्तान की भूमिका का भी जिक्र किया था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि पाकिस्तान की ओर से आतंकवाद को समर्थन भारत के साथ बातचीत में बड़ी बाधा है।
भाजपा ने भी किया पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर भाजपा की ओर से भी प्रतिक्रिया आई। भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में भारत के कूटनीतिक हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता हुआ था।
उन्होंने BRICS में भारत की स्थिति, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और पाकिस्तान के साथ संबंधों को लेकर कांग्रेस की पिछली सरकारों की विदेश नीति पर सवाल उठाए। इस तरह ट्रंप-जिनपिंग-पुतिन की बैठक अब भारत में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बहस का विषय बन गई है।
अब सवाल यह है कि तीन वैश्विक शक्तियों की इस बैठक से भारत की गैरमौजूदगी को किस नजरिए से देखा जाए? राहुल गांधी इसे मोदी सरकार की विदेश नीति से जोड़ रहे हैं, जबकि भाजपा कांग्रेस के पुराने कूटनीतिक फैसलों का हवाला देकर पलटवार कर रही है।


