More
    HomeHindi Newsफ्लाईदुबई हमला: ओमानी को-पायलट की पोस्ट में दिखी अलकायदा के पूर्व सरगना...

    फ्लाईदुबई हमला: ओमानी को-पायलट की पोस्ट में दिखी अलकायदा के पूर्व सरगना की तस्वीर

    फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर कथित हमले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, आरोपी ओमानी को-पायलट हमाम अल-हमामी को लेकर नए खुलासे हो रहे हैं। जांच के बीच उसके सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े दो पोस्ट सामने आए हैं, जिन्हें घटना के करीब नौ घंटे बाद प्रकाशित किए जाने का दावा किया गया है। इनमें कॉकपिट के वीडियो के साथ अलकायदा के पूर्व सरगना अयमान अल-जवाहिरी की तस्वीर भी दिखाई दी थी। हालांकि, इन पोस्ट और हमले के बीच सीधा संबंध जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

    हमले के कुछ घंटे बाद किए गए पोस्ट

    रिपोर्टों के मुताबिक, हमामी के लिंक्डइन प्रोफाइल पर घटना के दिन दो पोस्ट दिखाई दिए। पहले पोस्ट में बोइंग 737 मैक्स के कॉकपिट के वीडियो थे। एक वीडियो में दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इजरायल की विमानन कंपनी एल अल के विमान को भी दिखाया गया था। वीडियो के अंत में अलकायदा से जुड़े दो लोगों की तस्वीरें दिखाई दीं। इनमें अयमान अल-जवाहिरी और हुमाम खलील अबू-मुलाल अल-बलावी शामिल थे।

    जवाहिरी ओसामा बिन लादेन की मौत के बाद अलकायदा का प्रमुख बना था और 2022 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारा गया था। वहीं, अल-बलावी 2009 में अफगानिस्तान में हुए आत्मघाती हमले से जुड़ा था, जिसमें अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के सात अधिकारियों समेत नौ लोगों की मौत हुई थी।

    दूसरे पोस्ट में मक्का, मदीना और यरूशलम

    दूसरे पोस्ट में कथित तौर पर एआई से तैयार एक तस्वीर थी, जिसमें इस्लाम के तीन पवित्र स्थलों—मक्का, मदीना और यरूशलम—को एक रोशन रास्ते से जोड़ते हुए दिखाया गया था। पोस्ट के साथ एक कविता भी थी, जिसमें अपमान स्वीकार नहीं करने और मौत से नहीं डरने जैसे भाव व्यक्त किए गए थे। यही सामग्री एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी पोस्ट किए जाने की बात कही गई है। बाद में संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट हटा दिए गए।

    पहले भी सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था

    हमामी के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच हो रही है। रिपोर्टों के अनुसार, वह पहले ओमान एयर से जुड़ा था और 2024 में उसके कथित चरमपंथी विचारों को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं सामने आई थीं। इसके बाद उसे उड़ान प्रशिक्षण से हटाकर प्रशासनिक काम दिया गया था। बाद में वह फ्लाईदुबई से जुड़ा और करीब आठ महीने तक वहां काम करता रहा।

    फ्लाईदुबई विमान में क्या हुआ था?

    30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में को-पायलट ने कथित तौर पर कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया। विमान कुछ ही समय में करीब 14 हजार फीट नीचे चला गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हमलावर को काबू किया और विमान की सऊदी अरब के तबुक में आपात लैंडिंग कराई गई।

    फिलहाल जांच एजेंसियां हमामी की पृष्ठभूमि, सोशल मीडिया गतिविधियों और हमले के मकसद की पड़ताल कर रही हैं। यह भी जांच का विषय है कि क्या वह अकेले काम कर रहा था या किसी संगठन से उसका कोई संबंध था। इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments