More
    HomeHindi NewsEntertainmentपाकिस्तान में 'धुरंधर 2' का जलवा, रिलीज होते ही क्रैश हुआ सर्वर,...

    पाकिस्तान में ‘धुरंधर 2’ का जलवा, रिलीज होते ही क्रैश हुआ सर्वर, कहानी पर छिड़ी बहस

    बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर 2’ (Dhurandhar: The Revenge) ने सिनेमाघरों में ऐतिहासिक कमाई करने के बाद अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी तहलका मचा दिया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही इस फिल्म ने सरहद पार पाकिस्तान में दीवानगी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। आलम यह रहा कि भारी ट्रैफिक के कारण रिलीज के कुछ ही मिनटों के भीतर पाकिस्तान में नेटफ्लिक्स का सर्वर क्रैश हो गया।

    रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर की इस जोड़ी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनकी फिल्मों का क्रेज सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं है। हालांकि, फिल्म की कहानी को लेकर पाकिस्तान में एक बड़ा विवाद और तीखी बहस छिड़ गई है, लेकिन इसके बावजूद लोग इसे देखने के लिए टूट पड़े हैं।

    पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर का वीडियो वायरल

    सोशल मीडिया पर इस समय एक पाकिस्तानी रिव्यूअर और कंटेंट क्रिएटर माविया उमर फारूकी (Maviya Umer Farooqui) का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक वीडियो शेयर करते हुए पाकिस्तान में इस फिल्म को लेकर मचे गदर की लाइव बानगी दिखाई है। वीडियो में उनका नेटफ्लिक्स लगातार बफरिंग करता हुआ नजर आ रहा है।

    वायरल वीडियो में वे कहते सुने जा रहे हैं, “पाकिस्तान में आज ही धुरंधर रिलीज हुई है और सर्वर क्रैश हो गया। पाकिस्तानी बस इसी बात का इंतजार कर रहे थे कि कब रात के 12 बजें, नेटफ्लिक्स फिल्म डाले और सब एक साथ मिलकर इस पर क्लिक करें। इस तरह का शौक और दीवानगी धुरंधर के लिए यहां देखी गई है।”

    प्रोपेगैंडा के आरोपों के बीच नंबर 1 पर ट्रेंडिंग

    पाकिस्तानी सोशल मीडिया पर कई लोग इस फिल्म की कहानी और इसके दृश्यों की आलोचना कर रहे हैं। कई यूजर्स इसे ‘भारत का प्रोपेगैंडा’ करार दे रहे हैं, लेकिन आलोचनाओं के बावजूद फिल्म को देखने की उत्सुकता चरम पर है। फिल्म को लेकर वहां छिड़ी बहस पर पाकिस्तानी रिव्यूअर ने आगे कहा, “फिल्म में सच दिखाया गया है या झूठ, यह एक अलग बहस है, लेकिन पाकिस्तान के लोगों में इस बात की बेहद उत्सुकता है कि आखिर यह फिल्म बनी कैसी है? रणवीर सिंह के किरदार को लेकर सबको पहले से अंदाजा था, लेकिन लयारी (कराची) में ऐसी घटनाएं सच में हुईं या नहीं, इस पर लोग चर्चा कर रहे हैं।” वर्तमान में यह फिल्म पाकिस्तान में नेटफ्लिक्स पर नंबर-1 पर ट्रेंड कर रही है।

    थिएटर के बाद ओटीटी पर भी इतिहास रचने की राह

    आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर पहले ही 1,800 करोड़ रुपये से अधिक का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करके इतिहास रच दिया है। भारत में जहां इसके ओटीटी रिलीज (जियो सिनेमा) के लिए दर्शकों को आईपीएल 2026 के कारण 4 जून तक का इंतजार करना होगा, वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 15 मई को नेटफ्लिक्स पर आते ही इसने नया रिकॉर्ड बना दिया है। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर. माधवन जैसे दिग्गज कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments