HomeHindi NewsChhattisgarh Newsसुकमा में नक्सलियों की कायराना हरकत.. बाजार में जवानों पर फायरिंग कर...

सुकमा में नक्सलियों की कायराना हरकत.. बाजार में जवानों पर फायरिंग कर भागे

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के जगरगुंडा साप्ताहिक बाजार में नक्सलियों ने कायराना हरकत को अंजाम दिया है। यहां सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात जवानों पर नक्सलियों ने गोलियां चलाईं। यह हमला नक्सलियों की स्मॉल एक्शन टीम ने किया है। दो जवान करतम देवा और सोढ़ी कन्ना घायल हुए हैं। घायल जवानों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए जगरगुंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बाजार में मची भगदड़

नक्सलियों के हमले के बाद बाजार में अफरातफरी का माहौल बन गया। दहशत में आए स्थानीय लोग बाजार से भागने लगे। नक्सली हमले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सर्चिंग तेज कर दी है। पुलिस हमले की जांच कर रही है और हमलावर नक्सलियों की पहचान करने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

भाजपा-कांग्रेस की आई प्रतिक्रिया

सुकमा नक्सली हमले पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जब से प्रदेश में हमारी सरकार बनी है। डबल इंजन की सरकार डबल गति से बस्तर को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। नक्सलियों की गिरफ्तारी हुई है, वे मारे गए हैं और आत्मसमर्पण किया है। नक्सली बौखलाहट में इस प्रकार के हमले कर रहे हैं। सुरक्षा बलों को मनोबल बहुत बढ़ा हुआ है। आने वाले समय में बस्तर में शांति होगी और विकास की ओर आगे बढ़ेगा। वहीं नक्सली हमले पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कहीं न कहीं बस्तर में नक्सलवादी अभी भी सक्रिय हैं। चाहे सरकार जितने भी दावे कर ले लेकिन पुलिस प्रशासन को उस पर सतर्कता बरतनी चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments