HomeHindi NewsDelhi Newsभारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ी तकरार.. सरकार ने मीडिया को दी यह नसीहत

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ी तकरार.. सरकार ने मीडिया को दी यह नसीहत

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव को देखते हुए भारत सरकार जरूरी कदम उठा रही है। सरकार ने मीडिया चैनलों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में मीडिया से संवेदनशील खबरों को प्रसारित करते समय सावधानी बरतने और तथ्यों की पुष्टि करने का आग्रह किया गया है। सरकार ने मीडिया चैनलों से अपील की है कि वे ऐसी कोई भी खबर प्रसारित न करें जिससे सांप्रदायिक सौहार्द बिगडऩे या देश की सुरक्षा को खतरा पैदा होने की आशंका हो। विशेष रूप से उन्हें सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों और अपुष्ट खबरों को प्रसारित करने से बचने के लिए कहा गया है।

आधिकारिक जानकारी ही दें

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि मीडिया चैनलों को सरकार या अधिकृत एजेंसियों द्वारा जारी की गई आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करना चाहिए। उन्हें किसी भी ऐसी खबर को प्रसारित करने से पहले संबंधित अधिकारियों से पुष्टि करनी चाहिए जो भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों को और खराब कर सकती है। सरकार ने मीडिया चैनलों से राष्ट्रीय हित और देश की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया है। उन्हें यह भी याद दिलाया गया है कि मीडिया की जिम्मेदारी केवल खबर देना ही नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक और जिम्मेदार संदेश पहुंचाना भी है।

देशभर में है आक्रोश का माहौल

यह एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की गई है, जब पहलगाम हमले के बाद देश में आक्रोश का माहौल है और सरकार आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का मानना है कि इस संवेदनशील समय में मीडिया की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है और उसे जिम्मेदारी से काम करना चाहिए ताकि स्थिति और न बिगड़े।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सभी मीडिया चैनलों को राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में रक्षा अभियानों और सुरक्षा बलों की आवाजाही का सीधा प्रसारण न करने की सलाह जारी की है। राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में, सभी मीडिया प्लेटफॉर्म, समाचार एजेंसियों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को सलाह दी जाती है कि वे रक्षा और अन्य सुरक्षा-संबंधी अभियानों से संबंधित मामलों पर रिपोर्टिंग करते समय अत्यधिक जिम्मेदारी का प्रयोग करें और मौजूदा कानूनों और विनियमों का सख्ती से पालन करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments