जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। बुधवार से लापता चल रहे जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) के शव गुरुवार सुबह बरामद किए गए। दोनों की हत्या गोली मारकर की गई। उनके शव गोलियों से छलनी हालत में दच्छन इलाके के धेरना जंगल से मिले। सबसे चिंताजनक बात यह है कि दोनों जवानों के सर्विस हथियार भी घटनास्थल से गायब हैं। अधिकारियों को इस घटना में आतंकियों का हाथ होने की आशंका है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बाबी चंद और रशपाल कुमार के रूप में हुई पहचान
मृतक जवानों की पहचान बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) के रूप में हुई है। दोनों किश्तवाड़ के दच्छन इलाके के कियार गांव में पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) में तैनात थे।
जानकारी के मुताबिक, दोनों बुधवार को अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे अचानक लापता हो गए। निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचने और मोबाइल फोन बंद होने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई थी।
गुरुवार सुबह तलाशी अभियान के दौरान दोनों के शव जंगल में मिले। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान थे।
हथियार गायब होने से बढ़ा आतंकी हमले का शक
इस घटना में सबसे अहम पहलू दोनों SPO के सर्विस हथियारों का गायब होना है। अधिकारियों के मुताबिक, शव मिलने के बाद मौके पर उनके हथियार नहीं मिले। इससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावर हत्या करने के बाद हथियार अपने साथ ले गए होंगे।
सुरक्षा एजेंसियां इस संभावना की जांच कर रही हैं कि कहीं आतंकियों ने घात लगाकर दोनों जवानों पर हमला तो नहीं किया। हालांकि, अधिकारियों ने जांच पूरी होने से पहले किसी नतीजे पर पहुंचने से बचने की बात कही है।
स्थानीय लोगों ने सुनी थी गोलियों की आवाज
दोनों जवानों के लापता होने से पहले कियार और डेरना के बीच के इलाके में स्थानीय लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी थी। इसके बाद पुलिस, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।
इलाका दुर्गम पहाड़ी और घने जंगलों से घिरा है। यहां मोबाइल नेटवर्क की सुविधा भी सीमित है। ऐसे में सुरक्षा बलों को तलाशी अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
कुलगाम हमले के बीच दूसरी बड़ी घटना
किश्तवाड़ में दो SPO की हत्या की घटना ऐसे समय हुई है, जब कुलगाम में CRPF चौकी पर आतंकी हमला हुआ था। उस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की पहचान, हत्या के पीछे की वजह और गायब हथियारों का पता लगाने में जुटी हैं।


