बिहार के पटना जिले में कर्मा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बाढ़ अनुमंडल के बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना क्षेत्रों में गंगा नदी में अलग-अलग घटनाओं में कुल 11 लोग डूबने लगे। इनमें चार लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचा लिया, जबकि एक युवक की मौत हो गई। छह लोग अब भी लापता हैं। उनके लिए स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
बाढ़ में दो युवक डूबे
बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर तीन युवक कर्मा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जित करने पहुंचे थे। विसर्जन के बाद वे गंगा में स्नान करने लगे। इसी दौरान तीनों युवक डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने एक युवक को बचा लिया, जबकि पीयूष कुमार (10) और सुजीत कुमार (15) गंगा की तेज धारा में बह गए। दोनों की तलाश जारी है।
भाई-बहन भी गंगा में डूबे
अथमलगोला थाना क्षेत्र के उस्मानपुर वार्ड नंबर-9 में भी मूर्ति विसर्जन के दौरान भाई-बहन गंगा में डूब गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ को तलाश के लिए लगाया गया है।
बख्तियारपुर में छह युवक डूबे
बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव के पास छह युवक मूर्ति विसर्जन के लिए गंगा में उतरे थे। इसी दौरान सभी डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को बचा लिया, जबकि तीन नदी में डूब गए। बाद में साहिल कुमार का शव बरामद कर लिया गया। वहीं गोलू कुमार और बलवीर कुमार की तलाश जारी है। बताया गया है कि बलवीर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है। स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम भी लापता लोगों की तलाश में जुटी है।


