HomeHindi NewsDelhi Newsशेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में हिंसा, BNP कार्यालय फूंका,...

शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में हिंसा, BNP कार्यालय फूंका, कई जिलों में आगजनी और बम धमाके

बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित स्वदेश वापसी की चर्चाओं के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। राजधानी ढाका समेत कई जिलों में हिंसा, आगजनी और देसी बम धमाकों की घटनाएं सामने आई हैं। उपद्रवियों ने बसों और पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया, जबकि खगड़ाछड़ी जिले में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के एक वार्ड कार्यालय को भी जला दिया गया। सबसे दर्दनाक घटना फरीदपुर में हुई, जहां खड़ी बस में आग लगाए जाने से अंदर सो रहे ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत हो गई।

कई जिलों में आगजनी और बम धमाके

रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार देर रात से मंगलवार तक ढाका, फरीदपुर, शरियतपुर, गोपालगंज, चटगांव और अन्य जिलों में हिंसा की घटनाएं हुईं। कई स्थानों पर देसी बम फोड़े गए और सार्वजनिक परिवहन को निशाना बनाया गया। शरियतपुर जिले में पद्मा ब्रिज के दक्षिणी टोल प्लाजा के पास प्रदर्शनकारियों ने सड़क बाधित की और बम धमाके किए। इसके कारण कुछ समय के लिए यातायात और टोल संचालन प्रभावित हुआ।

गोपालगंज के तुंगीपाड़ा में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। इस दौरान पुलिस के एक वाहन को आग लगा दी गई। वहीं, नेत्रकोणा जिले के मोहनगंज रेलवे स्टेशन पर खड़ी हाओर एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आग लगा दी गई। हालांकि रेलवे कर्मचारियों और दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। खगड़ाछड़ी जिले के गुइमारा इलाके में बीएनपी के वार्ड कार्यालय को भी आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में छह संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

बस में सो रहे ड्राइवर की दर्दनाक मौत

हिंसा के दौरान फरीदपुर में 55 वर्षीय बस चालक मोहम्मद कालाचन शेख की मौत हो गई। वह गोलचामट बस स्टैंड के पास खड़ी बस में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने बस में आग लगा दी। आग तेजी से फैलने के कारण चालक बाहर नहीं निकल सके। पुलिस के अनुसार, उनकी मौत दम घुटने से हुई। इस घटना ने सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

अवामी लीग और छात्र लीग पर आरोप

बांग्लादेश पुलिस ने ताजा हिंसा के पीछे प्रतिबंधित अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं की भूमिका होने का आरोप लगाया है। हालांकि, सभी घटनाओं के पीछे एक ही संगठन या किसी केंद्रीय निर्देश की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

छात्र लीग ने देशभर में बंद का आह्वान किया था। संगठन की मांग है कि अवामी लीग और उस पर लगाए गए प्रतिबंध को हटाया जाए। पुलिस ने हिंसा के सिलसिले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है और छह अन्य को हिरासत में लिया है। वहीं, राजधानी ढाका में भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

भारत में हैं शेख हसीना, दिसंबर में लौटने की चर्चा

शेख हसीना अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से बेदखल होने पर बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। हाल ही में उनके दिसंबर में स्वदेश लौटने की योजना की खबरें सामने आई हैं। उन्होंने नए पासपोर्ट और पहचान संबंधी दस्तावेजों के लिए भी आवेदन किया है।

नवंबर 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के मामले में हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मृत्युदंड सुनाया था। हसीना इन आरोपों को खारिज करती रही हैं। बांग्लादेश की मौजूदा सरकार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग भी कर रही है।

ऐसे में उनकी संभावित वापसी की खबरों ने देश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। हालांकि, मौजूदा हिंसा और हसीना की वापसी के बीच सीधा संबंध अभी स्थापित नहीं हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments