लखनऊ में आयोजित एक राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिषदीय और एडेड स्कूलों के 3.53 लाख रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। इस दौरान सीएम ने 11 रसोइयों को मंच से खुद कार्ड सौंपे और अखिलेश यादव तथा आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला।
‘बबुआ’ पर साधा निशाना
अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2027 के चुनाव में जनता सपा का पूरी तरह सूपड़ा साफ कर देगी। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने प्रदेश को ‘गुंडा प्रदेश’ बना दिया था। आज यदि कोई किसी बेटी से छेड़छाड़ करता है, तो उसका यमराज के पास जाना तय हो जाता है। सीएम ने कहा कि ‘बबुआ’ पहले 12 बजे सोकर उठते थे, 5 बजे जिम जाते थे और फिर महफिल जमती थी; उनके पास प्रदेश के लिए समय नहीं था।2017 से पहले गरीब बच्चे नंगे पैर स्कूल जाने को मजबूर थे और सपा ने ‘नकल ही हमारा अधिकार है’ का माहौल बना रखा था। आज बच्चों को दो ड्रेस, जूते-मोजे, स्वेटर और पौष्टिक आहार मिल रहा है।
‘आप’ को बताया दुश्मन, रसोइयों को दी हिदायत
आम आदमी पार्टी का नाम लिए बिना, जर्जर स्कूल भवनों का वीडियो बनाकर सरकार को घेरने की राजनीति पर सीएम योगी ने तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि जो लोग आज कमियां दिखा रहे हैं, यह स्थिति उन्हीं की देन है। इसके साथ ही उन्होंने रसोइयों को सतर्क रहने की सलाह दी कि रसोई में किसी भी अनजान या बाहरी व्यक्ति को न आने दें, क्योंकि कोई भी विश्वासघात कर सकता है। खाना बनाते समय स्वच्छता का पूरा ध्यान रखें ताकि किसी लापरवाही या छिपकली आदि गिरने जैसी घटना से बचा जा सके।
जनकल्याणकारी योजनाओं का ब्योरा
- हेल्थ कवर: रसोइया परिवार अब हर साल 5 लाख तक का कैशलेस इलाज करा सकेंगे।
- अटल आवासीय विद्यालय: प्रदेश की 18 कमिश्नरियों में अटल आवासीय विद्यालय चल रहे हैं, जिनमें 18,000 से अधिक बच्चे मुफ्त शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
- बाल वाटिकाएं व कस्तूरबा स्कूल: 10,000 एजुकेटर्स के साथ बाल वाटिकाएं चलाई जा रही हैं और प्रदेश के सभी 825 विकासखंडों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित हैं।
- दिव्यांग व अनाथ बच्चों को मदद: कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चों को 4,000 प्रति माह तथा 14,000 दिव्यांग बच्चों को वाहन सुविधा के लिए 6,000 उपलब्ध कराए जा रहे हैं।


