एशियन गेम्स 2026 में रविवार को भारत के लिए बैडमिंटन से निराशाजनक खबर आई। महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में पीवी सिंधु और उन्नति हुड्डा को हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही बैडमिंटन के व्यक्तिगत मुकाबलों में भारत के पदक जीतने की उम्मीदें समाप्त हो गईं। दूसरी ओर मुक्केबाजी में अंकुश पंघाल ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भारत का पदक पक्का कर दिया।
सिंधु ने जीता पहला गेम, फिर पलटा मुकाबला
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु का सामना चीन की ओलंपिक चैंपियन चेन यूफेई से हुआ। सिंधु ने मुकाबले की शुरुआत शानदार अंदाज में की और पहला गेम 21-11 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन चेन ने 21-18 से गेम जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
निर्णायक गेम में चीनी खिलाड़ी ने शुरुआत से दबाव बनाए रखा। सिंधु ने वापसी की कोशिश की, लेकिन चेन यूफेई ने लगातार अंक हासिल करते हुए तीसरा गेम 21-10 से जीत लिया। इस तरह सिंधु को 21-11, 18-21, 10-21 से हार का सामना करना पड़ा।
सिंधु के लिए यह मुकाबला खास तौर पर चुनौतीपूर्ण रहा, क्योंकि उन्होंने 24 घंटे से भी कम समय में अपना तीसरा मैच खेला था। इससे पहले भारतीय दल ने खराब शेड्यूलिंग को लेकर चिंता भी जताई थी।
उन्नति हुड्डा भी क्वार्टर फाइनल में हारीं
19 वर्षीय उन्नति हुड्डा का सामना जापान की तीन बार की विश्व चैंपियन अकाने यामागुची से हुआ। उन्नति ने दूसरा गेम जीतकर मुकाबले में वापसी की, लेकिन निर्णायक गेम में यामागुची ने अपना अनुभव दिखाया।
यामागुची ने 21-16, 14-21, 21-17 से जीत दर्ज की। उन्नति की हार के साथ महिला एकल में भी भारत की चुनौती समाप्त हो गई।
इससे पहले महिला युगल में त्रीसा जॉली-गायत्री गोपीचंद और मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला-तनिषा क्रास्टो की जोड़ियां भी क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो चुकी थीं। भारत ने पिछले एशियाई खेलों में बैडमिंटन में तीन पदक जीते थे, लेकिन इस बार व्यक्तिगत स्पर्धाओं में कोई पदक नहीं मिल सका।
अंकुश पंघाल ने पक्का किया पदक
बैडमिंटन की निराशा के बीच अंकुश पंघाल ने भारत को बड़ी खुशखबरी दी। पुरुषों के 80 किलोग्राम क्वार्टर फाइनल में उन्होंने ताजिकिस्तान के नेक्रूज सलीमोव को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में पहुंचते ही अंकुश का कम से कम कांस्य पदक पक्का हो गया।
आज भी कई पदकों पर नजर
भारत की नजरें अब तीरंदाजी, निशानेबाजी, स्क्वैश और एथलेटिक्स समेत कई स्पर्धाओं पर हैं। दिन में मनु भाकर, ईशा सिंह और राही सरनोबत 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में उतर रही हैं। वहीं स्क्वैश के पुरुष और महिला एकल फाइनल में भी भारत की चुनौती है।


