More
    HomeHindi Newsपंजाब में सभी दलों ने झोंकी ताकत.. शिअद ने सबसे पूछा यह...

    पंजाब में सभी दलों ने झोंकी ताकत.. शिअद ने सबसे पूछा यह सवाल

    लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए 1 जून को मतदान होना है। 8 राज्यों की 57 में से पंजाब की 13 सीटों पर भी मतदान होना है। पंजाब में आज कई बड़े नेता चुनाव प्रचार करने के लिए आए। आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने जहां रोड शो किया तो भाजपा-कांग्रेस के नेता भी प्रचार करने पहुंचे।

    पंजाब में बिजली बिल किया जीरो : केजरीवाल

    दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने होशियारपुर में रोड शो किया। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में जब मैं चुनाव प्रचार के लिए आया था तो मैंने कहा था कि मैं आपका बिजली बिल जीरो कर दूंगा। मैंने दिल्ली में ये किया और पंजाब में भी ये करूंगा। अब, पंजाब में बिजली का बिल भी जीरो है। हमारे पास पंजाब में मोहल्ला क्लीनिक हैं। पिछले 2 वर्षों में हमने लोगों को बहुत सारी सुविधाएं प्रदान की हैं।

    पंजाब की झोलाछाप सरकार : शाह

    पंजाब के लुधियाना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब के सम्मान को खत्म करने का काम किया है। 2 साल में 50 हजार करोड़ से अधिक कर्ज लेकर पंजाब के हर बच्चे पर हजारों करोड़ों रुपए के कर्ज का बोझ लादा है। पंजाब की सरकार झोलाछाप सरकार है। पीएम मोदी हर गरीब को 5 किलो अनाज मुफ्त भेज रहे हैं। ये भगवंत मान 5 किलो अनाज पर अपना झोला चढ़ाकर अरविंद केजरीवाल की तस्वीर छापकर गरीब को दे रहे हैं। खर्चा करना ही था तो पीएम मोदी 5 किलो अनाज देते हैं तुम 2 किलो और दे देते।

    सभी पार्टियों ने छीना पंजाब का पानी

    शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि आज सभी राष्ट्रीय पार्टियों के अध्यक्ष पंजाब में हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि आप पंजाब में वोट मांगने आए हैं। आपकी पार्टियों ने पंजाब का पानी छीन लिया। अकाली दल पंजाबियों की पार्टी है। अगर अकाली दल मजबूत है तो हम सब मजबूत हैं। दिल्ली की सभी पार्टियों से दूर रहें।

    सीटों पर भाजपा-कांग्रेस में तकरार

    चंडीगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार मनीष तिवारी ने कहा कि भाजपा कहती थी कि हम 400 पार हैं। अब गृह मंत्री कह रहे हैं कि 310 सीट आ रही है। वास्तविकता ये है कि दक्षिण भारत में भाजपा साफ है और उत्तर भारत में हाफ है। इनकी 150 सीटें भी नहीं आएंगी। मोगा में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि इंतजार तो सिर्फ 4 जून का ही है। हमने 400 से शुरुआत की थी और हम 400 पर ही खत्म करेंगे।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments