अमेरिका के इडाहो स्थित माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर चल रहे मशहूर ‘गनफाइटर स्काईज एयर शो’ के दौरान एक भयानक हादसा हो गया. रविवार को हवा में खतरनाक करतब दिखाते समय अमेरिकी नौसेना के दो ईए-18 (EA-18G Growler) लड़ाकू विमान अचानक आपस में टकरा गए।
आसमान में जोरदार धमाका और आग का गोला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों जेट्स हवा में कलाबाज़ियां खा रहे थे, तभी तालमेल बिगड़ने के कारण वे एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए और उनमें भीषण टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसमान में ही एक तेज धमाका हुआ और दोनों विमानों में भयंकर आग लग गई. देखते ही देखते दोनों लड़ाकू विमान मलबे और आग के गोले में तब्दील होकर जमीन की तरफ गिरने लगे. इस खौफनाक मंजर को देखकर शो में मौजूद हजारों दर्शकों के रोंगटे खड़े हो गए।
पायलटों ने दिखाई सूझबूझ, चारों क्रू मेंबर सुरक्षित
इस भीषण हादसे के बीच सबसे राहत की बात यह रही कि विमानों में मौजूद चारों क्रू मेंबर्स (पायलटों) ने गजब की सूझबूझ दिखाई. विमानों के क्रैश होकर जमीन पर गिरने से ठीक पहले सभी ने समय रहते पैराशूट की मदद से खुद को सुरक्षित इजेक्ट (बाहर निकाल) कर लिया. चिकित्सा कर्मियों द्वारा सभी की जांच की जा रही है और चारों सुरक्षित हैं। इस हादसे में जमीन पर मौजूद किसी भी दर्शक या सैन्य कर्मी को कोई चोट नहीं आई है।
एयर शो रद्द, मिलिट्री बेस पर लॉकडाउन
हादसे के तुरंत बाद पूरे सैन्य अड्डे पर लॉकडाउन लगा दिया गया और आपातकालीन राहत टीमें (Emergency Teams) तुरंत मौके पर पहुंच गईं. सुरक्षा के मद्देनजर इस दो दिवसीय एयर शो के बाकी सभी कार्यक्रमों को तुरंत रद्द कर दिया गया. फेडरल एविएशन और नौसेना की जांच टीमों ने विमान के मलबे को कब्जे में लेकर दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है।


