More
    HomeHindi Newsवैश्विक क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय, बिग बैश लीग का...

    वैश्विक क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय, बिग बैश लीग का आगामी सीजन भारत से शुरू होगा

    वैश्विक क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया की मशहूर टी20 लीग, बिग बैश लीग (BBL) का आगामी सीजन इस बार ऑस्ट्रेलियाई धरती के बजाय भारत से शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के आखिरी दिन मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) से इस ऐतिहासिक साझेदारी का बड़ा एलान किया है।

    लीग का पहला आधिकारिक मुकाबला 12 दिसंबर 2026 को चेन्नई के प्रतिष्ठित एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जाएगा। यह पहला मौका होगा जब किसी विदेशी क्रिकेट लीग का कोई आधिकारिक मैच भारतीय सरजमीं पर आयोजित किया जा रहा है।

    मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड से पीएम मोदी का एलान

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में एक संयुक्त बयान के दौरान इस बड़े फैसले पर मुहर लगाई। दोनों देशों के बीच खेल सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक ‘स्पोर्ट्स कोलाबोरेशन रोडमैप’ लॉन्च किया गया है।

    इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, “मुझे बेहद खुशी है कि बिग बैश लीग का एक मैच भारत के चेन्नई में आयोजित होने जा रहा है। दुनिया के किसी भी स्पोर्ट्स लीग के लिए भारत में मैच आयोजित करना बड़े दर्शक वर्ग और व्यापक रीच की गारंटी देता है। मैदान के अंदर हो या मैदान के बाहर, भारत और ऑस्ट्रेलिया मिलकर खेलेंगे और मिलकर जीतेंगे।”

    इसके साथ ही पीएम मोदी ने भारत की खेल महत्वाकांक्षाओं को दोहराते हुए कहा कि देश 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games) और 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए पूरी ताकत से प्रयास कर रहा है।

    चेन्नई में भिड़ेंगी ये दो दिग्गज टीमें

    क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के अनुसार, 12 दिसंबर को होने वाले इस सीजन ओपनर (BBL 16) में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स की टीमें आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले में मेलबर्न रेनेगेड्स ‘होम टीम’ की भूमिका में होगी। चेन्नई को इस ऐतिहासिक मैच के लिए चुनने की मुख्य वजह वहां के प्रशंसकों का क्रिकेट के प्रति अटूट जुनून और आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का बड़ा फैन बेस है।

    ‘जी डे नमस्ते’ फेस्टिवल का बनेगा हिस्सा

    यह मैच दिसंबर में पूरे भारत में आयोजित होने वाले सप्ताह भर के सांस्कृतिक और व्यावसायिक उत्सव ‘जी डे नमस्ते’ (G’day Namaste) का मुख्य आकर्षण होगा। इस पहल का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना है। ऑस्ट्रेलियाई पीएम अल्बनीज ने भी इस पर खुशी जताते हुए कहा कि खेल दोनों देशों के बीच एक प्राकृतिक सेतु का काम करता है, जो लोगों को करीब लाता है।

    इस ऐतिहासिक कदम के बाद भारतीय प्रशंसकों को अब घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का रोमांच बेहद करीब से देखने को मिलेगा।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments