HomeHindi Newsलखनऊ में वकील की चलते-चलते मौत, अचानक मौतों से बढ़ गई चिंता

लखनऊ में वकील की चलते-चलते मौत, अचानक मौतों से बढ़ गई चिंता

उप्र के लखनऊ में एक 25 वर्षीय वकील की अचानक मौत का मामला सामने आया है, जिसने शहर में सनसनी फैला दी है। यह घटना सोमवार की है, जब युवक अपने घर से निकला था और कुछ ही देर में रास्ते में उसकी तबियत बिगड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक वकील का नाम अभिनव श्रीवास्तव बताया जा रहा है, जो लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के एकता नगर में रहते थे। अभिनव सोमवार को सुबह करीब 10 बजे अपने घर से निकले थे। वह कुछ दूर ही पैदल चले थे कि अचानक चक्कर आने लगा और वह सडक़ पर गिर पड़े।

आनन-फानन में निजी अस्पताल ले गए

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे देखा और मदद के लिए आगे आए। अभिनव को आनन-फानन में पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद अभिनव को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक लग रहा है, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना की जानकारी मिलते ही अभिनव के परिवार में मातम छा गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। अभिनव के परिजन और मित्र इस बात पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कि एक 25 साल का युवा, जो बिल्कुल स्वस्थ था, अचानक कैसे चल बसा।

पीएम रिपोर्ट से होगा स्पष्ट

पुलिस ने अभिनव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल पाएगा। इस घटना ने एक बार फिर युवाओं में बढ़ती हृदय संबंधी समस्याओं और अचानक होने वाली मौतों पर चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञ ऐसी घटनाओं के पीछे खराब जीवनशैली, तनाव और अनियमित खानपान को एक बड़ा कारण बताते हैं। कुछ लोग इसे कोरोना वैक्सीन से जोड़ रहे हैं। हालांकि विशेषज्ञ ऐसी आशंकाओं को खारिज करते रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments