हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली के लोग 5 फरवरी का इंतजार कर रहे हैं। अबकी बार 5 फरवरी को केजरीवाल का भूत उतरने वाला है। उन्होंने कहा कि 5 फरवरी को वोटिंग होगी और 8 फरवरी को बड़े मैंडेट के साथ भाजपा की सरकार बनेगी। हंसी-मजाक की शैली में सैनी ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने पूरा मन बना लिया है। 5 को इसका भूत उतार दो और इसके बाद 8 तारीख को यह तिहाड़ चला जाएगा। यह अभी वहां से छुट्टी पर आया है। सैनी ने कहा कि केजरीवाल ने 4 दिन में दरवाजे बंद कर लिए थे, लेकिन रात 2 बजे भी आपको हमारे सीएम हाउस के दरवाजे खुले मिलेंगे।
दिल्ली में सीएम सैनी की कई रैलियां होंगी
दरअसल हरियाणा दिल्ली का पड़ोसी राज्य है। ऐसे में काफी संख्या में हरियाणा के लोग रहते हैं। यही वजह है कि सीएम नायब सिंह सैनी की कई रैलियां दिल्ली में रखी गई हैं। एक वजह और है। दअरसल लोकसभा चुनाव में भाजपा के अपेक्षित प्रदर्शन न करने के बाद हरियाणा ही वह राज्य था जिसने तमाम अनुमानों और ओपिनियन पोल को धता बताते हुए तीसरी बार सरकार में वापसी की थी। यहीं से नायब सिंह सैनी नायक की तरह उभरे और देशभर में पहचान बनाई। हरियाणा में भी आप चुनाव मैदान में उतरी थी, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। तब भी नायब सिंह ने केजरीवाल पर करारे तंज कसे थे। अब एक बार फिर वे दिल्ली में केजरीवाल से दो-दो हाथ करने के लिए चुनावी मैदान में उतर चुके हैं।