यूक्रेन और रूस के बीच वार-पलटवार जारी है। कुछ दिन पहले रूस ने 9/11 की तर्ज पर रूस पर ड्रोन से हमला किया था। अब रूस ने क्रिसमस के दिन यूक्रेन पर पलटवार किया है। दरअसल खार्कीव शहर में फरवरी 2022 में रूस के आक्रमण के बाद पहली बार क्रिसमस पर छुट्टियों के लिए रोशनी की सजावट की गई थी और तैयारियां चल रही थीं। रूस ने 25 दिसम्बर का दिन चुनकर क्रिसमस के दिन यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हवाई हमला किए, जिसमें मिसाइलों और ड्रोन से यूक्रेन के शहरों को निशाना बनाया। रूसी हमले से यूक्रेन के उत्तर पूर्वी शहर खार्कीव शहर में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। खार्कीव के मेयर ने इसकी पुष्टि कर कहा कि शहर पर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमला किया है। कई विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं और अभी भी बैलिस्टिक मिसाइलें शहर की ओर बढ़ रही हैं।
रूसी टीयू-95 बमवर्षक विमानों ने बरसाए बम
गवर्नर ओलेह सिनीहुबोव ने कहा कि उन्होंने 7 रूसी हमलों की गिनती की है। हताहतों की संख्या का आकलन किया जा रहा है। रूसी टीयू-95 बमवर्षक विमानों ने रात में उड़ान भरी थी। काला सागर से कैलिब क्रूज मिसाइलों को लॉन्च किया गया था। इन हमलों में आग लग गई और नागरिक बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा। खार्कीव शहर रूसी सीमा से केवल 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। करीब तीन वर्षों से जारी युद्ध के दौरान इसे लगातार हवाई हमलों का सामना करना पड़ा है।
ट्रंप के सत्ता में आने से पहले बढ़त का इरादा
रूस ने कुछ महीनों में यूक्रेन के अंदर अपनी बढ़त तेज कर दी है। दरअसल पुतिन अमेरिका में ट्रंप के सत्ता में आने से पहले अधिक से अधिक यूक्रेनी क्षेत्र पर नियंत्रण करने की कोशिश कर रहे हैं। रूस को लग रहा है कि ट्रंप आएंगे तो वे युद्ध रोकने के लिए दबाव डालेंगे। ऐसे में पुतिन का प्रयास है कि यूक्रेन पर शिकंजा कसकर वे बार्गेनिंग पावर बढ़ाएं।