वायनाड लोकसभा उपचुनाव से भाजपा उम्मीदवार नव्या हरिदास ने कहा कि हमें जनता से बहुत सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। हमने तीन दिन पहले रोड शो के साथ अभियान शुरू किया था। न केवल भाजपा कार्यकर्ता बल्कि अन्य जनता भी बहुत गर्मजोशी से स्वागत कर रही है। वह (प्रियंका गांधी वाड्रा) आज अपना अभियान शुरू कर रही हैं। वे अपने परिवार के साथ यहां आई हैं। हमने तीन दिन पहले ही शुरू कर दिया है और प्रचार जोरों पर चल रहा है। उन्होंने बताया कि मैं कल, 25 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे अपना नामांकन दाखिल करूंगी।
जुटने लगे कांग्रेस के बड़े नेता
लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने वायनाड से जीत दर्ज की थी। वे रायबरेली से भी सांसद चुने गए हैं। ऐसे में उन्होंने वायनाड से इस्तीफा देकर रायबरेली सीट रखी है। यहां हो रहे उपचुनाव में प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है। यह एक तरह से सक्रिय राजनीति में प्रियंका का पहला कदम है। कांग्रेस इसे शक्ति प्रदर्शन के तौर पर ले रही है। यही वजह है कि कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कई बड़े नेता आज प्रियंका के नामांकन रैली और रोड शो में शामिल हो रहे हैं। यह कांग्रेस की परंपरागत और सुरक्षित सीट है। 2019 में राहुल गांधी यहां से जीते थे, जबकि उप्र की अमेठी सीट से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2024 में कांग्रेस ने अमेठी सीट वापस हासिल कर ली और किशोरी लाल ने स्मृति ईरानी को शिकस्त देकर 2019 की हार का बदला चुका लिया।