हरियाणा विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल पर अंबाला कैंट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अनिल विज ने कहा कि जमीन पर ऐसी स्थिति नहीं है। हम भी अपनी सारी रिपोर्ट एकत्रित कर रहे हैं। मतदान प्रतिशत को देखें तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा के प्रति 5 प्रतिशत कम मतदान हुआ है। इसका मतलब कांग्रेस के प्रति लोगों का आकर्षण कम हुआ है। हम हमारे आंतरिक सर्वेक्षण के बाद बात करेंगे। वहीं सीएम नायब सिंह ने 8 अक्टूबर को पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार आने का दावा किया है।
बहुत बड़े मैंडेट के साथ हम जीत रहे हैं : नायब सिंह
मुख्यमंत्री नायब सिंह ने देवतुल्य जनता जनार्दन का आभार जताते हुए एक्स पर लिखा कि प्रदेश में विधानसभा चुनावों का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया है। लोकतंत्र के महोत्सव में अपने मतदान के कर्तव्य का निर्वहन करने वाले प्रत्येक सम्मानित मतदाता का हार्दिक अभिनंदन। सफल व शांतिपूर्ण चुनाव के पीछे अहम भूमिका निभाने वाले चुनाव आयोग के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का सहृदय आभार। सीएम ने कहा किचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत हेतु अथक परिश्रम करने वाले देवतुल्य कार्यकर्ता, सभी मित्र एवं हरियाणा के मेरे परिवारजनों अभिनन्दन एवं धन्यवाद। हम जीत रहे हैं और बहुत बड़े मैंडेट के साथ भाजपा की सरकार बना रहे हैं।
प्रदेश को प्रगति पथ पर आगे बढ़ाएगी कांग्रेस : हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में 10 वर्षों के कुशासन का अंत करने के लिए बाबा साहब के संविधान से मिले मतदान के अधिकार का प्रयोग करने के लिये सभी मतदाताओं का धन्यवाद। चुनाव अभियान के दौरान आपने अपार समर्थन, सम्मान और आशीर्वाद दिया, उसके लिए मैं सदा आभारी रहूंगा। 8 अक्टूबर को बनने वाली कांग्रेस सरकार सभी हरियावासियों के आशीर्वाद और विश्वास पर चलकर प्रदेश को प्रगति पथ पर आगे बढ़ाएगी।