हरियाणा के भिवानी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि 10 सालों में आपमें से कितने ऐसे नौजवान हैं, जिन्हें रोजगार मिला है? लेकिन कितने ही ऐसे नौजवान हैं जिन्होंने भर्ती के लिए पेपर दिए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 30 पेपर लीक हुए हैं। आप पेपर देते हो, पेपर लीक होता है, आपकी भर्ती नहीं होती। समय गुजरता रहता है, महीने गुजरते हैं, साल गुजरते हैं लेकिन रोजगार नहीं मिलता तो नौजवान भटकता है। प्रियंका ने कहा कि आज हरियाणा में ड्रग्स की समस्या भी इसलिए है क्योंकि यहां बेरोजगारी इतनी हो गई है। आपको बेरोजगार बनाने वाले कौन हैं? भाजपा के नेता हैं। आपके लिए पीएम मोदी और उनके नेता योजनाएं भी अग्निवीर जैसी लाते हैं। आपको अपनी वफादारी और अपने बेटों को देश के लिए शहीद करने पर यह मिल रहा है? हरियाणा में आप जहां-जहां देखें अन्याय हुए हैं।
जब भी कांग्रेस की सरकार आई, तब-तब अपराध भ्रष्टाचार लाई
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि चुनावी संग्राम में बीजेपी को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। चुनावी रैलियों में उमड़ती भीड़ इस बात का इशारा कर रही कि हम बड़ी जीत की ओर बढ़ रहे हैं। हरियाणा में बीजेपी की हैट्रिक अब तय है। समालखा में सीएम ने कहा कि कांग्रेस 3डी और 3सी की सरकार चलाती है। 3सी का मतलब क्राइम, कमीशन और करप्शन है। 3डी का मतलब डीलर, दलाल और दामाद है। सीएम ने कहा कि जब-जब भी कांग्रेस की सरकार आई है तब-तब अपराध भ्रष्टाचार बढ़ा है। कांग्रेस आरक्षण, दलित और ओबीसी विरोधी पार्टी है।