More
    HomeHindi News‘खाकी में स्थितप्रज्ञ’ पुस्तक बनेगी मार्गदर्शक.. संस्मरणों, अनुभवों और चुनौतियों को किया...

    ‘खाकी में स्थितप्रज्ञ’ पुस्तक बनेगी मार्गदर्शक.. संस्मरणों, अनुभवों और चुनौतियों को किया प्रस्तुत

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सर्वे चौक, देहरादून स्थित आईआरडीटी सभागार में उत्तराखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी द्वारा लिखित पुस्तक ‘खाकी में स्थितप्रज्ञ’ का विमोचन किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रतूड़ी ने इस पुस्तक के माध्यम से एक पुलिस अधिकारी के रूप में अपने सेवाकाल के संस्मरणों, अनुभवों और चुनौतियों को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया है। सफलता और असफलता दोनों में एक समान रहना स्थितप्रज्ञ है। यह पुस्तक सेवा में आ रहे लोगों को निर्णय लेने में मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें एहसास होता है कि धरा पर कोई हमारा साथ देने वाला नहीं, तब हम धरातल से ऊपर उठकर सीधे प्रभु से संबंध वाली स्थिति में आते हैं, यह भी स्थितप्रज्ञ है। अनिल रतूड़ी ने यह पुस्तक आईपीएस अधिकारी के रूप में अपने संस्मरण व अनुभव के आधार पर लिखी है।

    देश में अपना एक विशेष स्थान बनाया

    मुख्यमंत्री ने कहा कि रतूड़ी ने एक सफल और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में कार्य किया। रतूड़ी दंपत्ति ने अपने कार्यों और व्यवहार से उत्तराखंड में ही नहीं बल्कि देश में अपना एक विशेष स्थान बनाया। साधारण रहते हुए जनहित में असाधारण कार्य कर अपनी अलग साख बनाई। सेवाकाल के दौरान अनिल रतूड़ी ने अनेक बार कठिन चुनौतियों का सामना करते हुए दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर समस्याओं का समाधान किया। मनुष्य में कर्म करते हुए अपने मन को शांत रखते हुए लक्ष्य प्राप्त करने का गुण होना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस के पास शांति और कानून व्यवस्था को बनाए रखने की बड़ी चुनौती होती है।चुनौती का सामना करने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ संयम का होना भी जरूरी होता है। यह एक ऐसी यात्रा है जिसमें अनेक उतार-चढ़ाव और चुनौतियां आती हैं। इसमें विपरीत परिस्थितयों में नैतिकता और धैर्य बनाये रखना जरूरी है। आज पुलिस के पास आधुनिक तकनीक है लेकिन पहले सीमित संसाधन होते हुए भी पुलिस को बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ता था।

    साढ़े तीन दशक का अनुभव

    ‘खाकी में स्थितप्रज्ञ’ पुस्तक के लेखक अनिल रतूड़ी ने कहा कि इस पुस्तक के माध्यम से उन्होंने पुलिस अधिकारी के रूप में साढ़े तीन दशक के अनुभव के आधार पर कुछ महत्वपूर्ण संस्मरणों, अनुभवों और चुनौतियों का वर्णन करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि शांति और कानून व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस को जो शक्तियां दी गई हैं, मानव कल्याण के लिए उनका सदुपयोग करना जरूरी है। इस पुस्तक के माध्यम से हमारे नये अधिकारी कैसे चुनौतियों का सामना कर धैर्य से अपने कार्यपथ पर आगे बढ़ें और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर कर सकें, यह समझाने का प्रयास किया है। कुलपति दून विश्वविद्यालय प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि धारणा होती है कि अगर वर्दी है तो स्थितप्रज्ञ नहीं हो सकता है और अगर स्थितप्रज्ञ जो है वो वर्दी नहीं पहन सकता है। अनिल रतूड़ी ने इस मिथक को अपने जीवन के प्रेरणादायी यात्रा से तोड़ा है कि वर्दी में स्थितप्रज्ञ रहा जा सकता है। रतूड़ी के लेखन शैली में में टी.एस. इलियट का प्रभाव दिखता है। सुख, दु:ख, जोश में और अपने उतार-चढ़ाव वाले जीवन में एक तरह व्यवहार करने वाला व्यक्ति स्थितप्रज्ञ है। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक के माध्यम से उन्होंने बताया है कि एक पुलिस अधिकारी की जिंदगी तलवार की धार की तरह है। डीजीपी अभिनव कुमार, पूर्व मुख्य सचिव एन. रविशंकर, साहित्यकार एवं पूर्व कुलपति डॉ. सुधा रानी पांडे, शासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी व साहित्य के क्षेत्र से जुड़े महानुभाव उपस्थित थे।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments