हरियाणा के रोहतक में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का संकल्प पत्र जारी किया। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी मौजूद रहे। भाजपा ने विकास, रोजगार और स्वास्थ्य से जुड़े कई वादे किए।
50 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार देंगे
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आईएमटी खरखौदा की तर्ज पर 10 अत्याधुनिक औद्योगिक शहरों का निर्माण किया जाएगा और आसपास के गांवों के 50 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। इसी प्रकार से चिरायु आयुष्मान के तहत 5 लाख रुपए प्रतिवर्ष मिलने वाली राशि को 10 लाख रुपए किया जाएगा।
महिलाओं को देंगे 2100 रुपए
जेपी नड्डा ने कहा कि हमने तय किया है कि सभी महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिमाह 2,100 रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी।
कांग्रेस ने घोषणा पत्र को मजाक बना दिया
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हम घोषणापत्र को कैसे देखते हैं। कांग्रेस ने घोषणापत्र को लोगों की नजरों में एक डाइल्युटेड दस्तावेज बना दिया। कांग्रेस और कांग्रेस की संस्कृति ने घोषणा पत्र की प्रासंगिकता को समाप्त कर दिया। उनके लिए यह दस्तावेज महज एक औपचारिकता है और लोगों के साथ छलावा करना है।
संतुलित तरीके से हर वर्ग का ध्यान रखा : खट्टर
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि हरियाणा के घोषणापत्र में बहुत संतुलित तरीके से हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। महिलाओं, युवाओं, किसानों, पिछड़े समाज, सबका ध्यान रखा गया है। युवाओं के लिए नौकरी की भी चिंता की गई है। हमने सोच-समझकर, सारा बजट का हिसाब लगाकर घोषणाएं की हैं।