छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ अयोध्या भगवान राम लला के दर्शन के लिए जाने वाले हैं। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि हम राम लला के दर्शन करके उनका आशीर्वाद लेकर आएंगे। 500 वर्षों के इंतजार के बाद यह अवसर आया है इसलिए मन में बड़ी उत्सुकता और उत्साह है। मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सभी सदस्य भगवान राम लला के दर्शन के लिए जा रहे हैं।
यह है कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ आज श्री रामलला का दर्शन करने अयोध्या धाम जा रहे हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 13 जुलाई शनिवार को प्रात: 9.30 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से प्रस्थान कर पूर्वान्ह 11 बजे महर्षि वाल्मिकी इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या धाम पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री पूर्वान्ह 11.15 बजे से शाम 5 बजे तक श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या धाम में श्री रामलला का दर्शन और मंदिर भ्रमण करेंगे।
भगवान श्रीराम का ननिहाल भी है छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री शाम 5.15 बजे अयोध्या धाम एयरपोर्ट से प्रस्थान कर संध्या 6.45 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर लौट आएंगे। छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल भी है। इस लिहाज से सीएम साय के लिए यह धार्मिक यात्रा विशेष महत्व रखती है।