हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। उनसे संगठनात्मक विषयों और आगामी विधानसभा चुनाव पर संवाद कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। हरियाणा में भाजपा ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। 3 माह बाद होने वाले चुनाव के लिए सीएम ने अपने दौरे तेज कर दिए हैं। लोकसभा चुनाव में बराबरी की टक्कर मिलने के बाद सीएम नायब सिंह अब कोई कोर-कसर नहीं छोडऩा चाहते।
भाजपा की तैयारियां शुरू, कांग्रेस रिलेक्स
उन्होंने हाल ही में दावा किया था कि कांग्रेस गुटबाजी में उलझी हुई और वह एक भी सीट निकालने की स्थिति में नहीं है। सीएम ने कहा कि भाजपा मजबूती से हर सीट पर चुनाव लड़ेगी और 90 में से 90 सीटों पर जीत हासिल करेगी। भाजपा ने यहां प्रदेश प्रभारी और सहायक प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति कर साफ संदेश दे दिया है कि वह तीसरी बार सरकार बनाने के लिए कृत संकल्पित है। वहीं कांग्रेस में अभी चुनाव की हलचल शुरू नहीं हो पाई है। संभावना है कि केंद्रीय आलाकमान से संकेत मिलने के बाद ही कांग्रेस चुनाव मोड में आ पाएगी। अभी कांग्रेस रिलेक्स है।