छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सीएम विष्णु देव साय साप्ताहिक कार्यक्रम जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। तभी एक अनोखा मामला मुख्यमंत्री के सामने आ गया। दरअसल राजनांदगांव से एक महिला दमयंती सोनी जनदर्शन में आई थी। जब उसने अपने जीवन की कहानी सुनाई तो सीएम भी हतप्रभ रह गए। बगैर देर किए उन्होंने कहा कि अरे! आप यहां क्या कर रही हो। चलो अपना सामान पैक करो, आपको जापान जाना है। सीएम की यह बात सुनकर यहां आए लोग भी आश्चर्य में पड़ गए।
इसलिए भेजना था जापान
दरअसल 61 साल की दमयंती छत्तीसगढ़ की पहली महिला हैं, जो जेसीबी चलाती हैं। वे न केवल फर्राटे से जेसीबी चलाती हैं, बल्कि देशभर में जहां भी एक्सपो होता है, वहां उन्हें बुलाया जाता है। इस बार उन्हें जापान के टोक्यो में हो रहे एक्सपो के लिए बुलाया गया था। लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वे जापान नहीं जा पाईं। जब दमयंती ने यह बात सीएम को बताई तो उन्होंने दमयंती को जापान भेजने का फैसला किया।
महिलाओं के लिए रोल मॉडल हैं
सीएम ने कहा कि आप छत्तीसगढ़ का नाम देशभर में रोशन कर रही हैं। ऐसे में आपको तो जापान जाना ही चाहिए, ताकि पूरे देश का नाम आप रोशन कर सको। सीएम ने कहा कि आप राज्य की महिलाओं के लिए रोल मॉडल हैं। आप महिलाओं को ऐसे ही प्रोत्साहित करते रहें। दमयंती ने भी बताया कि सीएम विष्णु देव साय से मुलाकात कर उन्हें बेहद अच्छा लगा। वे 2012 से पति के निधन के बाद से जेसीबी चला रही हैं। वे देश की अनेक कंपनियों के साथ इस संबंध में काम भी कर रही हैं।