HomeHindi NewsDelhi Newsखोया मोबाइल वापस दिलाएगा 'संचार साथी', पीएम मोदी ने मन की बात...

खोया मोबाइल वापस दिलाएगा ‘संचार साथी’, पीएम मोदी ने मन की बात में बताया तरीका, 5000 करोड़ का नुकसान टाला

मोबाइल फोन आज हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। इसमें बैंकिंग से लेकर निजी फोटो, जरूरी दस्तावेज और संपर्क नंबर तक मौजूद रहते हैं। ऐसे में फोन खो जाने पर लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ निजी जानकारियां गलत हाथों में जाने का डर भी सताता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में इसी समस्या का समाधान बताया। उन्होंने लोगों को केंद्र सरकार के डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘संचार साथी’ के बारे में जानकारी दी और बताया कि इसकी मदद से खोए हुए मोबाइल को ब्लॉक कराया जा सकता है।

पीएम मोदी ने कहा कि कल्पना कीजिए कि आपका मोबाइल कहीं खो जाए तो कितनी परेशानी होगी। उसमें मौजूद संपर्क, फोटो और जरूरी दस्तावेजों को लेकर चिंता बढ़ जाती है। पहले फोन वापस मिलने की उम्मीद धीरे-धीरे कम होने लगती थी, लेकिन अब सरकार का डिजिटल प्लेटफॉर्म इस दिशा में मदद कर सकता है।

IMEI नंबर से ब्लॉक हो सकता है खोया हुआ मोबाइल

प्रधानमंत्री ने बताया कि हर मोबाइल फोन की एक विशिष्ट पहचान होती है, जिसे IMEI (इंटरनेशनल मोबाइल इक्विपमेंट आइडेंटिटी) नंबर कहते हैं। संचार साथी इसी नंबर की मदद से खोए या चोरी हुए फोन को ब्लॉक कराने की सुविधा देता है।

इसके लिए सबसे पहले मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में पुलिस में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके बाद संचार साथी पोर्टल पर जाकर फोन का IMEI नंबर और मांगी गई जरूरी जानकारियां दर्ज करनी होती हैं। अनुरोध स्वीकार होने के बाद फोन को ब्लॉक किया जा सकता है। इससे उसमें नया सिम डालने के बाद भी सामान्य मोबाइल नेटवर्क पर उसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। फोन वापस मिलने पर इसी प्लेटफॉर्म के माध्यम से उसे अनब्लॉक कराने की सुविधा भी उपलब्ध है।

साइबर ठगों के नंबर की भी कर सकते हैं शिकायत

पीएम मोदी ने संचार साथी की एक और महत्वपूर्ण सुविधा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह प्लेटफॉर्म सिर्फ खोए हुए मोबाइल को खोजने तक सीमित नहीं है, बल्कि साइबर ठगी रोकने में भी नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करता है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर किसी व्यक्ति के पास फर्जी कॉल आती है और ठग उससे ओटीपी मांगता है, तो वह सतर्क रहकर कॉल काट सकता है। लेकिन संभव है कि वही ठग अगली कॉल किसी बुजुर्ग या कम जागरूक व्यक्ति को करे। इसलिए संदिग्ध कॉल और फ्रॉड नंबर की जानकारी संचार साथी पर साझा करनी चाहिए।

पुणे और नेल्लोर के नागरिकों का दिया उदाहरण

प्रधानमंत्री ने पुणे के हिमांशु सिंह का उदाहरण दिया, जिन्होंने संचार साथी पर 300 से ज्यादा संदिग्ध नंबरों की शिकायत की। उनके प्रयासों से पिछले एक साल में करीब 18 हजार मोबाइल कनेक्शन रद्द कराने में मदद मिली।

इसी तरह आंध्र प्रदेश के नेल्लोर के विवेक अल्हरी ने 900 से अधिक संदिग्ध फ्रॉड नंबर रिपोर्ट किए। उनके प्रयासों से करीब 17 हजार मोबाइल कनेक्शन काटने में मदद मिली।

1600 से ज्यादा संस्थान जुड़े, 5000 करोड़ का नुकसान टला

पीएम मोदी के मुताबिक, संचार साथी से बैंक, पेमेंट एप, टेलीकॉम कंपनियों और पुलिस समेत 1600 से ज्यादा संस्थान जुड़े हैं। इस व्यवस्था की मदद से साइबर ठगी के कई प्रयासों को समय रहते रोकने में सफलता मिली है। अब तक 5000 करोड़ रुपये से अधिक के संभावित नुकसान को टालने में मदद मिलने की बात भी उन्होंने कही।

यह प्लेटफॉर्म 23 भाषाओं में उपलब्ध है। प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे खुद संचार साथी का इस्तेमाल करें और अपने परिवार, दोस्तों तथा आसपास के लोगों को भी इसके बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि डिजिटल दुनिया को सुरक्षित बनाने में नागरिकों की छोटी-छोटी सावधानियां भी बड़ी भूमिका निभा सकती हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments