बिलकिस बानो सामूहिक दुष्कर्म और हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दो दोषियों को बड़ी कानूनी राहत दी है। अदालत ने उनकी उम्रकैद की सजा निलंबित करते हुए जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। दोनों दोषी 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी माना कि उनकी अपील में तथ्य और कानून से जुड़े ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर विस्तार से सुनवाई की जरूरत है।
यह आदेश जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने 28 अक्टूबर को पारित किया था। इसकी जानकारी 16 नवंबर को सामने आई। जिन दो दोषियों को राहत मिली है, उनके नाम बिपिनचंद्र कनैयालाल जोशी और प्रदीप रामलाल मोढिया हैं। दोनों ने बॉम्बे हाईकोर्ट के मई 2017 के फैसले को चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने उनकी दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी।
एक दोषी की दिव्यांगता का भी किया गया उल्लेख
सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि दोनों दोषी 17 साल से अधिक समय से जेल में बंद हैं। साथ ही, उनमें से एक गंभीर रूप से दिव्यांग है। पीठ ने कहा कि अपील में तथ्यों और कानून से जुड़े मुद्दे विचार किए जाने योग्य हैं। इसी आधार पर अदालत ने सजा निलंबित कर जमानत देने का फैसला किया। जमानत की शर्तें संबंधित ट्रायल कोर्ट तय करेगा।
दोषियों की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने दलील दी थी कि दोनों लंबे समय से जेल में हैं। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि एक आरोपी का नाम शुरुआती एफआईआर में नहीं था और उसे घटना के करीब तीन साल बाद मामले में शामिल किया गया। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ने अपराध की गंभीरता और निचली अदालतों के फैसलों का हवाला देते हुए जमानत का विरोध किया।
2024 में रद्द हुई थी 11 दोषियों की समयपूर्व रिहाई
बिलकिस बानो मामले में कुल 11 लोगों को दोषी ठहराया गया था। गुजरात सरकार ने अगस्त 2022 में अपनी छूट नीति के तहत सभी 11 दोषियों को समय से पहले रिहा कर दिया था। इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई। जनवरी 2024 में शीर्ष अदालत ने उनकी रिहाई का आदेश रद्द कर दिया और दोषियों को वापस जेल जाने का निर्देश दिया था।
अब जोशी और मोढिया को मिली राहत उनकी अपील पर सुनवाई के दौरान दी गई है। इसका अर्थ यह नहीं है कि उनकी दोषसिद्धि समाप्त हो गई है। उनकी अपील पर अंतिम फैसला होना अभी बाकी है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि मामले में तथ्य और कानून से जुड़े सवालों पर आगे सुनवाई की जाएगी।


