फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड’ का वर्ल्ड प्रीमियर 27 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स के एकेडमी म्यूजियम ऑफ मोशन पिक्चर्स के डेविड गेफेन थिएटर में आयोजित किया गया। इस मौके पर फिल्म के मुख्य कलाकार रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश निर्देशक नितेश तिवारी तथा निर्माता नमित मल्होत्रा के साथ पहुंचे। विशेष स्क्रीनिंग में अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन जगत की हस्तियां भी शामिल हुईं।
रणबीर कपूर फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में दिखाई देंगे। यश की पोशाक ने खास तौर पर लोगों का ध्यान खींचा। उन्होंने काले रंग का आउटफिट पहना था, जिस पर रावण के दस सिरों वाला सुनहरा ब्रोच लगा था। इस डिजाइन के जरिए उन्होंने अपने किरदार की पहचान को रेड कार्पेट पर भी प्रदर्शित किया।
यश ने कार्यक्रम में भारतीय और कन्नड़ फिल्म उद्योग से जुड़े होने पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि इंसान कहां से शुरुआत करता है, यह बात उसकी मंजिल तय नहीं करती। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘रामायण’ भारतीय संस्कृति और विरासत को दुनिया के दर्शकों तक पहुंचाने में मदद करेगी।
5 नवंबर को रिलीज होगी फिल्म
निर्माताओं की योजना के मुताबिक, ‘रामायण’ दो भागों में दर्शकों के सामने आएगी। इसका पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 के दौरान प्रदर्शित किए जाने की योजना है। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज होगी।


