More
    HomeHindi Newsएशियन गेम्स 2026: फाइनल में मौसम बन सकता है विलेन, भारत-पाकिस्तान मैच...

    एशियन गेम्स 2026: फाइनल में मौसम बन सकता है विलेन, भारत-पाकिस्तान मैच नहीं हुआ तो किसे मिलेगा गोल्ड?

    एशियन गेम्स 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच पुरुष क्रिकेट का गोल्ड मेडल मुकाबला शनिवार, 3 अक्टूबर को खेला जाना है। दोनों टीमों के पहली बार एशियन गेम्स के क्रिकेट फाइनल में आमने-सामने आने से मुकाबले को लेकर जबरदस्त उत्साह है। हालांकि, इस बड़े मैच पर बारिश का साया भी बना हुआ है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि अगर बारिश के कारण फाइनल में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी या मैच का कोई नतीजा नहीं निकल पाया तो गोल्ड मेडल किसे मिलेगा?

    इस बार इसका जवाब पिछले एशियन गेम्स से अलग है। भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल बारिश के कारण रद्द होने की स्थिति में दोनों टीमों को संयुक्त रूप से गोल्ड मेडल दिया जाएगा। किसी टीम को सिल्वर मेडल नहीं मिलेगा। आयोजन से जुड़े नियमों के मुताबिक पुरुष क्रिकेट के गोल्ड मेडल मैच के लिए कोई रिजर्व डे भी निर्धारित नहीं किया गया है।

    2022 में भारत को मिला था अकेले गोल्ड

    पुराने नियमों की बात करें तो हांगझोऊ एशियन गेम्स में भारत और अफगानिस्तान के बीच पुरुष क्रिकेट का फाइनल बारिश की वजह से नहीं हो सका था। उस समय बेहतर टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग के आधार पर भारत को विजेता घोषित किया गया और अफगानिस्तान को रजत पदक मिला था। यानी बारिश के बावजूद पदकों का फैसला रैंकिंग के आधार पर हुआ था।

    लेकिन 2026 के संस्करण में यह व्यवस्था बदल दी गई है। अब फाइनल के पूरी तरह धुल जाने पर रैंकिंग के आधार पर किसी एक टीम को विजेता घोषित करने का प्रावधान नहीं है। दोनों फाइनलिस्ट संयुक्त रूप से स्वर्ण पदक हासिल करेंगे।

    फाइनल में नहीं है रिजर्व डे

    इस टूर्नामेंट में बारिश पहले ही क्रिकेट मुकाबलों का कार्यक्रम प्रभावित कर चुकी है। क्वार्टर फाइनल के मैच भी बारिश से प्रभावित हुए थे और भारत समेत कुछ टीमों को रैंकिंग के आधार पर अगले दौर में जगह मिली। सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि पाकिस्तान ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में बांग्लादेश को छह विकेट से मात दी।

    अब दोनों टीमों के बीच फाइनल जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में होना है। मौजूदा नियमों के मुताबिक अगर निर्धारित दिन मैच नहीं हो पाता और कोई नतीजा नहीं निकलता, तो दोनों टीमों को संयुक्त गोल्ड मिलेगा।

    कांस्य पदक पर भी लागू होगा यही फॉर्मूला

    सिर्फ गोल्ड मेडल मुकाबले के लिए ही नियम अलग नहीं हैं। अगर पुरुष क्रिकेट का कांस्य पदक मैच भी बारिश के कारण रद्द होता है, तो उसमें शामिल दोनों टीमों को संयुक्त रूप से कांस्य पदक दिया जाएगा। इस स्थिति में भी किसी टीम को सिल्वर मिलने का सवाल नहीं होगा।

    इसलिए भारत-पाकिस्तान फाइनल में मौसम की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। प्रशंसक जहां मैदान पर दोनों टीमों के बीच मुकाबला देखना चाहते हैं, वहीं बारिश की स्थिति में टूर्नामेंट के बदले हुए नियम के कारण दोनों टीमों के खाते में एक साथ गोल्ड मेडल जा सकता है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments