More
    HomeHindi NewsDelhi Newsभारतीय पायलट स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ, पीएम मोदी-नेतन्याहू और ट्रंप...

    भारतीय पायलट स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ, पीएम मोदी-नेतन्याहू और ट्रंप ने बताया हीरो

    दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को हुए सनसनीखेज घटनाक्रम के बाद भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को दुनियाभर से सराहना मिल रही है। कॉकपिट में कथित तौर पर को-पायलट के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने सूझबूझ दिखाई और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया। इस विमान में कुल 174 लोग सवार थे।

    पीएम मोदी ने कहा- कैप्टन मच्छार हीरो हैं

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ करते हुए उन्हें ‘हीरो’ बताया। उन्होंने कहा कि बेहद गंभीर खतरे और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने दूसरों की जान बचाने के लिए असाधारण साहस और अटूट संकल्प दिखाया। पीएम ने कहा कि उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बचाने और बड़ी त्रासदी को टालने में मदद मिली। मोदी ने कैप्टन मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।

    नेतन्याहू ने बताया ‘सच्चा हीरो’

    इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी भारतीय पायलट की जमकर तारीफ की। उन्होंने कैप्टन मच्छार को ‘सच्चा हीरो’ बताते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी उन्होंने हमलावर का मुकाबला किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों तथा क्रू को हमलावर पर काबू पाने का मौका दिया। नेतन्याहू के मुताबिक इस साहस से विमान में सवार 174 लोगों की जान बची, जिनमें इजरायली नागरिक भी शामिल थे।

    ट्रंप ने भी की बहादुरी की तारीफ

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कैप्टन मच्छार को ‘हीरो’ कहा। ट्रंप ने बताया कि उन्होंने नेतन्याहू से इस घटना को लेकर बातचीत की थी। उन्होंने कहा कि पायलट बेहद खराब स्थिति में थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर मदद पहुंचने का रास्ता बनाया।

    कैसे टली बड़ी विमान दुर्घटना?

    रिपोर्टों के अनुसार, उड़ान के दौरान कॉकपिट में भारतीय कैप्टन और उनके ओमानी को-पायलट के बीच हिंसक घटनाक्रम हुआ। मच्छार पर हमला होने के बाद विमान तेजी से नीचे आने लगा। घायल होने के बावजूद कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद यात्रियों और क्रू ने अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू किया। विमान में मौजूद अन्य पायलटों ने नियंत्रण संभाला और फ्लाइट को सऊदी अरब के तबूक में आपात लैंडिंग कराई।

    कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार?

    स्मित मच्छार भारतीय नागरिक हैं और मुंबई से जुड़े बताए जाते हैं। उन्होंने करीब 11 साल तक स्पाइसजेट में काम किया, जिसके बाद 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़े। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक उनके पास बोइंग 737 विमान उड़ाने का लंबा अनुभव है और उन्होंने 9,750 से अधिक उड़ान घंटे पूरे किए हैं। वह लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के तौर पर भी काम कर चुके हैं।

    फिलहाल मच्छार का सऊदी अरब के तबूक में इलाज चल रहा है और भारतीय अधिकारियों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। घटना के कारणों की जांच जारी है और फ्लाईदुबई ने इस मामले में जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचने की बात कही है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments