More
    HomeHindi Newsउज्जैन में सड़क चौड़ीकरण पर बवाल, शाही मस्जिद के पास पथराव, पुलिस...

    उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण पर बवाल, शाही मस्जिद के पास पथराव, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

    सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण को लेकर उज्जैन में सोमवार को तनाव की स्थिति बन गई। कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई की आशंका के बीच बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। इसी दौरान पथराव की घटना हुई, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
    प्रशासन के अनुसार, करीब 900 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। इस मार्ग पर सड़क निर्माण में बाधक बताए जा रहे कई धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है। शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को लेकर पिछले कुछ दिनों से विरोध जारी था। शनिवार रात से ही बड़ी संख्या में लोग मस्जिद परिसर और आसपास की सड़कों पर जुटने लगे थे।
    स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात किया। रिपोर्ट के मुताबिक, जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ करीब दो हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। कंठाल-गोपाल मंदिर मार्ग पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही नियंत्रित की गई और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी गई।
    मस्जिद के प्रभावित हिस्से को लेकर मुस्लिम समाज की ओर से इंदौर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। मामले पर सोमवार को सुनवाई प्रस्तावित है। अदालत के फैसले के बाद ही आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
    इस बीच प्रशासन और पुलिस की ओर से क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। रविवार रात तक विरोध जारी रहने के बाद सोमवार सुबह स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब कार्रवाई की आशंका के बीच भीड़ और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बनी। पथराव के बाद पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर किया।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments