More
    HomeHindi Newsएशियन गेम्स 2026 : भारत-अफगानिस्तान मुकाबला आज, वैभव को मिलेगा मौका? बारिश...

    एशियन गेम्स 2026 : भारत-अफगानिस्तान मुकाबला आज, वैभव को मिलेगा मौका? बारिश का साया, जानें कब शुरू होगा मैच?

    एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम सोमवार को अपने अभियान की शुरुआत अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले से करेगी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम में कई अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन मैच से पहले सबसे बड़ी चिंता बारिश को लेकर है। निशिन और नागोया में लगातार बारिश हो रही है और मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक मुकाबले के दौरान भी बारिश की संभावना बनी हुई है।

    कितने बजे शुरू होगा भारत-अफगानिस्तान मैच?

    भारत और अफगानिस्तान के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाएगा। मैच स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होना है, यानी भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे मुकाबला शुरू होगा। बारिश के कारण टॉस या मैच शुरू होने में देरी हो सकती है। रिपोर्टों के मुताबिक मैच के आसपास के घंटों में बारिश की संभावना लगातार बनी हुई है।

    कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में इससे पहले भी बारिश का असर देखने को मिला है। नेपाल-जापान और मलेशिया-ओमान के मुकाबले मौसम के कारण रद्द हो चुके हैं। मैदान पर फ्लडलाइट की सुविधा भी नहीं है, ऐसे में लंबे समय तक मैच रोकना टीमों के लिए परेशानी बढ़ा सकता है।

    बारिश से मैच धुला तो भारत को मिलेगा फायदा

    अगर भारत और अफगानिस्तान का क्वार्टर फाइनल पूरी तरह बारिश की भेंट चढ़ जाता है और मुकाबले का कोई नतीजा नहीं निकलता, तो भारत को सेमीफाइनल में जगह मिल जाएगी। एशियन गेम्स के इस चरण में रिजर्व डे नहीं है। ऐसे में बेहतर आईसीसी टी20 रैंकिंग वाली टीम को आगे बढ़ाने का नियम लागू होगा। भारत फिलहाल टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में नंबर एक और अफगानिस्तान 10वें स्थान पर है।

    ऐसा ही नजारा 2023 एशियन गेम्स में भारत और अफगानिस्तान के फाइनल में देखने को मिला था। बारिश के कारण मुकाबला पूरा नहीं हो सका था और बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारत को स्वर्ण पदक मिला था।

    वैभव सूर्यवंशी को फिर बैठना पड़ सकता है बाहर

    भारत के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर भी सबकी नजरें रहेंगी। हालांकि क्वार्टर फाइनल जैसे नॉकआउट मुकाबले में उनके अंतिम एकादश में शामिल होने की संभावना को लेकर संशय है। टीम के पास अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे विकल्प हैं और प्रबंधन संतुलित संयोजन के साथ उतर सकता है।

    भारत की टीम में श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। अफगानिस्तान की टीम की कप्तानी दरविश रसूली कर रहे हैं।

    अब मुकाबले का सबसे बड़ा सवाल यही है कि बारिश भारतीय टीम को मैदान पर अपनी ताकत दिखाने का मौका देती है या बिना गेंद फेंके ही सेमीफाइनल का रास्ता साफ कर देती है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments