More
    HomeHindi NewsDelhi Newsराज्यसभा की 11 सीटों पर चुनाव का एलान, जानें कब होगा मतदान,...

    राज्यसभा की 11 सीटों पर चुनाव का एलान, जानें कब होगा मतदान, क्या है पूरा शेड्यूल?

    राज्यसभा की खाली होने वाली सीटों को लेकर चुनावी कार्यक्रम का एलान हो गया है। निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की कुल 11 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी किया है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल की एक खाली सीट पर उपचुनाव भी कराया जाएगा। इन सभी सीटों के लिए 16 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक चुनाव प्रक्रिया सितंबर के अंत से शुरू होगी और 19 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

    यूपी की 10 और उत्तराखंड की एक सीट

    राज्यसभा की नियमित चुनाव प्रक्रिया के तहत उत्तर प्रदेश की 10 सीटों और उत्तराखंड की एक सीट पर चुनाव होगा। उत्तर प्रदेश के जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने वाला है, उनमें अरुण सिंह, गीता उर्फ चंद्रप्रभा, नीरजा शेखर, बृजलाल, राम गोपाल यादव, रामजी, बीएल वर्मा, सीमा, दिनेश शर्मा और हरदीप सिंह पुरी शामिल हैं। इन सदस्यों का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त होना है।

    उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल भी नवंबर में समाप्त हो रहा है। उनकी सीट के लिए भी इसी कार्यक्रम के तहत चुनाव कराया जाएगा।

    29 सितंबर से शुरू होगी चुनावी प्रक्रिया

    चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी और इसी दिन से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।

    इसके बाद 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक समाप्त करने की समयसीमा तय की गई है।

    पश्चिम बंगाल में एक सीट पर उपचुनाव

    इसी दिन पश्चिम बंगाल की एक राज्यसभा सीट पर उपचुनाव भी कराया जाएगा। यह सीट सदस्य के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। इसलिए तकनीकी रूप से 16 अक्टूबर को तीन राज्यों में कुल 12 सीटों के लिए मतदान होगा, जिसमें 11 नियमित चुनाव और एक उपचुनाव शामिल है।

    राज्यसभा चुनाव में मतदान विधायक करते हैं और वरीयता के आधार पर मतपत्र के जरिए प्रतिनिधि चुने जाते हैं। आयोग ने मतदान प्रक्रिया के लिए निर्धारित बैंगनी स्केच पेन के इस्तेमाल समेत जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments