More
    HomeHindi NewsBihar Newsमानसून की विदाई के बीच 13 राज्यों में बारिश का अलर्ट, बंगाल...

    मानसून की विदाई के बीच 13 राज्यों में बारिश का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र

    सितंबर के आखिरी दौर में मानसून की विदाई के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार, 22 सितंबर को राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, गुजरात, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, केरल, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश समेत 13 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।

    बंगाल की खाड़ी में सिस्टम, बढ़ेगा बारिश का असर

    मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटे में और मजबूत हो सकता है। इसके डिप्रेशन और फिर डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 23 सितंबर की सुबह के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट के पास पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से 24 सितंबर को ओडिशा और छत्तीसगढ़ में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

    आंध्र प्रदेश के लिए IMD की ताजा चेतावनी भी बारिश की तीव्रता की ओर इशारा करती है। तटीय आंध्र प्रदेश में 22 सितंबर को बहुत भारी बारिश, जबकि 23 और 24 सितंबर को अत्यंत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी है।

    झारखंड और मध्य भारत में भी बारिश

    झारखंड में रांची, बोकारो, चतरा, देवघर, धनबाद, दुमका, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, गुमला और हजारीबाग समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। गरज-चमक के साथ बारिश का दौर आगे भी जारी रह सकता है। मध्य प्रदेश में भी कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। भोपाल में आज अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

    यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

    उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, प्रयागराज और आसपास के इलाकों में मौसम बदल सकता है। हालांकि आज पूरे राज्य में भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

    बिहार में 22 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 24 और 25 सितंबर को कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। पटना में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

    दिल्ली में फिलहाल बारिश के आसार कम

    दिल्ली-एनसीआर के लिए आज राहत की स्थिति है। IMD के अनुसार 22 से 24 सितंबर के बीच राजधानी में आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं उत्तराखंड में 22 से 25 सितंबर के दौरान कई जगह बारिश हो सकती है और बाद के दिनों में बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन और मलबे से सावधानी बरतने की जरूरत है।

    मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान को देखते हुए प्रभावित इलाकों में लोगों को आंधी-तूफान के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments