नेटफ्लिक्स की चर्चित एंथोलॉजी फ्रेंचाइजी ‘लस्ट स्टोरीज’ तीसरे पार्ट के साथ लौट आई है। ‘Lust Stories 3’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और महज 2 मिनट 19 सेकेंड के इस ट्रेलर में प्यार, चाहत, रिश्तों की उलझन और भावनात्मक उतार-चढ़ाव की कई परतें नजर आती हैं। सबसे ज्यादा ध्यान महिला किरदारों ने खींचा है। अदिति राव हैदरी, कोंकणा सेन शर्मा और राधिका आप्टे के अंदाज ने ट्रेलर को खास बना दिया है।
‘हम जलते नहीं, पिघलते हैं’
ट्रेलर की शुरुआत अदिति राव हैदरी की आवाज में एक दमदार संवाद से होती है- ‘हम हसीनाएं लाइट का बल्ब नहीं, मोम की गुड़िया हैं… हम जलते नहीं, पिघलते हैं।’ यह लाइन ट्रेलर के पूरे मूड की झलक देती है। यहां महिलाओं की इच्छाओं, भावनाओं और रिश्तों में उनकी अपनी पहचान को केंद्र में रखा गया है। इसके बाद अलग-अलग कहानियों के किरदार सामने आते हैं और रिश्तों की जटिल दुनिया की झलक मिलती है।
चार कहानियां, पांच कपल्स
इस बार ‘लस्ट स्टोरीज 3’ में चार अलग-अलग कहानियां हैं, जिनमें करीब पांच जोड़ियों के रिश्तों और इच्छाओं को दिखाया गया है। एंथोलॉजी फॉर्मेट होने के कारण हर कहानी का अंदाज और उसका भाव अलग नजर आता है। ट्रेलर में कहीं प्यार है तो कहीं रिश्तों के बीच पैदा होती दूरी, कहीं आकर्षण है तो कहीं अपने मन की बात कहने की बेचैनी।
किरदारों में राधिका आप्टे, कोंकणा सेन शर्मा, राधिका मदान, सना थम्पी और अदिति राव हैदरी प्रमुखता से नजर आती हैं। वहीं पुरुष किरदारों में विजय वर्मा, अली फजल, सिद्धार्थ, अभिषेक बनर्जी और गुरफतेह पीरजादा दिखाई देते हैं।
इन निर्देशकों ने संभाली कमान
‘लस्ट स्टोरीज 3’ की चार कहानियों को विक्रमादित्य मोटवानी, किरण राव, शकुन बत्रा और विशाल भारद्वाज ने निर्देशित किया है। चारों फिल्मकार रिश्तों और मानवीय भावनाओं को अपने-अपने नजरिए से पर्दे पर पेश करते हैं। यही वजह है कि ट्रेलर में कहानी कहने के अंदाज में भी विविधता दिखाई देती है।
किरण राव ने इच्छा को इंसान की जिज्ञासा और जोखिम उठाने की प्रवृत्ति से जोड़ा है, जबकि शकुन बत्रा के मुताबिक रिश्तों की जटिलताएं ही उन्हें दिलचस्प बनाती हैं। विशाल भारद्वाज भी कल्पनाओं और भावनाओं की गहराई को अपनी कहानी का हिस्सा बनाते नजर आते हैं।
18 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज
‘लस्ट स्टोरीज 3’ 18 सितंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। तीसरा भाग भी अपने पिछले दोनों संस्करणों की तरह आधुनिक रिश्तों, प्रेम, इच्छा और भावनात्मक उलझनों को अलग-अलग कहानियों के जरिए सामने लाएगा।
ट्रेलर से साफ है कि इस बार भी मेकर्स ने कहानी को सिर्फ रोमांस तक सीमित नहीं रखा है। महिला किरदारों की भावनाएं और उनके फैसले कहानी के केंद्र में हैं। ऐसे में अब नजर इस बात पर है कि 18 सितंबर को रिलीज होने के बाद ‘लस्ट स्टोरीज 3’ दर्शकों और समीक्षकों की कसौटी पर कितनी खरी उतरती है।


