भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंग्लैंड और वेल्स में जून 2026 से होने वाले आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। हरमनप्रीत कौर टीम की कमान संभालेंगी, जबकि स्मृति मंधाना उप-कप्तान होंगी। इस टीम चयन में कुछ चौंकाने वाले फैसले लिए गए हैं, जिसमें अनुभवी खिलाड़ियों की छुट्टी और नए चेहरों को मौका देना शामिल है।
चयनकर्ताओं ने युवा प्रतिभाओं पर भरोसा जताते हुए नंदिनी शर्मा और भारती फुलमली को टीम में जगह दी है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में 10 मैचों में 17 विकेट लेने वाली अनकैप्ड तेज गेंदबाज नंदिनी को उनके शानदार प्रदर्शन का ईनाम मिला है। चोटिल ऑलराउंडर अमनजोत कौर की जगह मध्यक्रम में भारती फुलमली को शामिल किया गया है। अनुभवी खिलाड़ी हरलीन देओल को टी20 विश्व कप टीम में जगह नहीं मिली है। हालांकि, उन्हें जुलाई में लॉर्ड्स में होने वाले इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए टीम में शामिल किया गया है।
इन खिलाड़ियों को भी लगा झटका
अमनजोत कौर और काशवी गौतम चोट के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थीं। इसके अलावा, प्रतिका रावल और स्नेह राणा को भी टी20 विश्व कप की मुख्य टीम में शामिल नहीं किया गया है। हालांकि, यास्तिका भाटिया की चोट के बाद वापसी हुई है और वे ऋचा घोष के साथ दूसरे विकेटकीपर का विकल्प प्रदान करेंगी।
टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरानी, यास्तिका भाटिया, नंदिनी शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव।
विश्व कप में भारत का कार्यक्रम (ग्रुप ए):
भारत को ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, नीदरलैंड और बांग्लादेश के साथ ग्रुप ए में रखा गया है।
- 14 जून: बनाम पाकिस्तान (बर्मिंघम)
- 17 जून: बनाम नीदरलैंड (लीड्स)
- 21 जून: बनाम दक्षिण अफ्रीका (मैनचेस्टर)
- 25 जून: बनाम बांग्लादेश (मैनचेस्टर)
- 28 जून: बनाम ऑस्ट्रेलिया (लॉर्ड्स)
विश्व कप से ठीक पहले, भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज भी खेलेगी, जो 28 मई से शुरू होगी। यह सीरीज टीम इंडिया के लिए परिस्थितियों से तालमेल बिठाने का अच्छा मौका साबित होगी।


