More
    HomeHindi NewsBusinessटेस्ला ने मुंबई से भारत में किया डेब्यू, सीएम फडणवीस बोले-महाराष्ट्र EV...

    टेस्ला ने मुंबई से भारत में किया डेब्यू, सीएम फडणवीस बोले-महाराष्ट्र EV क्षेत्र का लीडर

    आखिरकार लंबे इंतजार के बाद अमेरिकी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता टेस्ला ने भारत में अपनी आधिकारिक एंट्री कर ली है। आज, 15 जुलाई 2025 को, टेस्ला ने मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में अपना पहला शोरूम और एक्सपीरियंस सेंटर लॉन्च किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसका उद्घाटन किया और टेस्ला को भारत में उत्पादन शुरू करने के लिए भी आमंत्रित किया।

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, आज हम सभी के लिए बहुत ही हर्ष की बात है कि कई वर्षों से जिसका इंतजार हम कर रहे थे, वो टेस्ला कार आज टेस्ला ने मुंबई से लॉन्च की है। भारतीय बाजार में मुंबई से अपनी शुरूआत करने की घोषणा की है। अभी-अभी हमने उसका उद्घाटन भी किया है। टेस्ला मुंबई में एक्स्पीरियंस सेंटर के साथ-साथ डिलीवरी की व्यवस्था, लॉजिस्टिक्स की व्यवस्था और सर्विसिंग की व्यवस्था ला रहा है। CM ने कहा, टेस्ला ने भी महाराष्ट्र और मुंबई को चुना मुझे इस बात की भी खुशी है क्योंकि आज इलेक्ट्रिक वाहन (EV) के क्षेत्र में महाराष्ट्र लीडर बन चुका है। मुझे विश्वास है कि आने वाले दिनों में टेस्ला का पूरा इको-सिस्टम महाराष्ट्र में देखने को मिलेगा।

    फडणवीस ने कहा कि यह टेस्ला के लिए भारत में प्रवेश करने का “सही समय और सही शहर” है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महाराष्ट्र इलेक्ट्रिक वाहन (EV) के क्षेत्र में देश का लीडर बन चुका है। फडणवीस ने कहा कि मुंबई नवाचार और स्थिरता का प्रतीक है, और टेस्ला सिर्फ एक कार या कार कंपनी नहीं, बल्कि यह डिजाइन, नवाचार और स्थिरता का प्रमाण है, जिसके लिए इसे विश्व स्तर पर पसंद किया जाता है।

    मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र की प्रगतिशील EV नीति पर प्रकाश डाला, जो इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और अनुसंधान एवं विकास के लिए आकर्षक प्रोत्साहन प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की बहुत बड़ी और मजबूत मांग है, और राज्य अब इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का एक विनिर्माण केंद्र भी बन गया है। फडणवीस ने विश्वास व्यक्त किया कि टेस्ला भारत में अपना विनिर्माण कार्य शुरू करने के लिए महाराष्ट्र को एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में देखेगी।

    टेस्ला ने फिलहाल भारत में अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक कार मॉडल वाई (Model Y) को लॉन्च किया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 59.89 लाख रुपये बताई जा रही है। शुरुआती चरण में यह कार मुंबई, दिल्ली और गुरुग्राम में उपलब्ध होगी, और इसकी डिलीवरी 2025 की तीसरी तिमाही में शुरू होने की उम्मीद है। टेस्ला का मुंबई में खुला शोरूम 4,000 वर्गफुट में फैला हुआ है, और यह कंपनी की भारत में व्यापक योजनाओं का संकेत है। टेस्ला के आगमन से भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में एक नई हलचल मचने की उम्मीद है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments