अभिनेत्री-मॉडल शेफाली जरीवाला के आकस्मिक निधन ने पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को सदमे में डाल दिया है। शुक्रवार देर रात कार्डियक अरेस्ट के चलते 42 वर्षीय ‘कांटा लगा’ गर्ल का निधन हो गया, जिसके बाद उनके पति पराग त्यागी बदहवास नजर आए। अस्पताल के बाहर पराग को रोते-बिलखते देखा गया, जो इस बात का गवाह है कि यह क्षति उनके लिए कितनी गहरी है।
शेफाली को देर रात तबीयत खराब होने के बाद उनके पति पराग त्यागी तुरंत मुंबई के एक अस्पताल ले गए थे, लेकिन डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के बाहर पराग पूरी तरह से टूट चुके थे, उनके चेहरे पर दुख और बेबसी साफ झलक रही थी। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जहां फैंस और सेलेब्स भी इस दुखद घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
शेफाली की मौत की खबर सुनते ही उनकी मां भी अपनी बेटी को आखिरी बार देखने के लिए बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचीं। मां का बिलखना और बेटी को खोने का दर्द हर किसी को भावुक कर गया। परिवार पर अचानक टूटे इस दुख के पहाड़ ने सभी को झकझोर दिया है।
फिलहाल, शेफाली के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उनके अंधेरी स्थित आवास पर भी जांच की है और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची थी। हालांकि मौत के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस की मौजूदगी से मामले को संदिग्ध माना जा रहा है।
शेफाली जरीवाला ने 2002 में ‘कांटा लगा’ म्यूजिक वीडियो से रातों-रात प्रसिद्धि हासिल की थी। वह बिग बॉस 13 में भी नजर आ चुकी थीं। उनकी अचानक मौत ने फैंस और इंडस्ट्री के साथियों को गहरा सदमा दिया है। मीका सिंह, अली गोनी सहित कई सेलेब्स ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।