More
    HomeHindi NewsBusinessस्मार्टफोन, हथियार भी निर्यात कर रहे… पीएम मोदी बोले-ऐसे आगे बढ़ रहा...

    स्मार्टफोन, हथियार भी निर्यात कर रहे… पीएम मोदी बोले-ऐसे आगे बढ़ रहा भारत

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के दाहोद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए देश की बढ़ती आर्थिक प्रगति और विनिर्माण क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज भारत केवल उपभोक्ता वस्तुओं का आयातक नहीं है, बल्कि स्मार्टफोन, गाडिय़ां, खिलौने और यहां तक कि सैन्य हथियार भी दुनिया के देशों में निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज 26 मई का दिन है। 2014 में आज के ही दिन मैंने पहली बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। गुजरात के लोगों ने भरपूर आशीर्वाद दिया और बाद में देश के कोटि-कोटि जनों ने भी मुझे आशीर्वाद देने में कोई कमी नहीं रखी। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले एक दशक में अकल्पनीय और अभूतपूर्व फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में देश ने दशकों पुरानी बेडिय़ों को तोड़ा है और हर सेक्टर में आगे बढ़ा है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर विशेष ध्यान दिया कि कैसे भारत अब विनिर्माण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

    रेल, मेट्रो भारत में बन रही

    उन्होंने कहा कि आज हम स्मार्टफोन, गाडिय़ां, खिलौने, सेना के हथियार, दवाएं ऐसे बहुत सारा सामान दुनिया के देशों में निर्यात कर रहे हैं। आज भारत रेल, मेट्रो और इसके लिए जरूरी तकनीक भारत खुद बनाता है और उसे निर्यात भी करता है। देश निराशा के अंधकार से निकलकर विश्वास के उजाले में तिरंगा फहरा रहा है। हम 140 करोड़ भारतीय मिलकर अपने देश को विकसित भारत बनाने के लिए जी-जान से जुटे हैं। उन्होंने दाहोद में हाल ही में बने इलेक्ट्रिक इंजन कारखाने का भी जिक्र किया, जिसका उद्घाटन कुछ समय पहले ही किया गया था। उन्होंने कहा कि मैं तीन साल पहले यहां शिलान्यास के लिए आया था। लोग कहते थे कि चुनाव के लिए शिलान्यास किया गया था, कुछ नहीं बनेगा। आज हम देख रहे हैं कि यहां पहला इलेक्ट्रिक इंजन बन चुका है, जिसका कुछ समय पहले ही हरी झंडी दिखाई गई है। पीएम मोदी का यह बयान आत्मनिर्भर भारत की उनकी सरकार की नीति को दर्शाता है, जिसका उद्देश्य देश को विनिर्माण और निर्यात का एक वैश्विक केंद्र बनाना है। स्मार्टफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स के निर्यात में हालिया उछाल, जिसमें वित्त वर्ष 2024-25 में स्मार्टफोन का निर्यात 55 प्रतिशत बढक़र 24.14 बिलियन डॉलर हो गया है, इस दिशा में भारत की प्रगति का एक स्पष्ट प्रमाण है। रक्षा निर्यात में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है, जो पिछले कुछ वर्षों में कई गुना बढ़ गया है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments