उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के नारायनपुर टोला हीरागंज में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने सबको चौंका दिया है। यहां एक नवविवाहिता सरोज की कथित तौर पर हत्या कर दी गई है। इस घटना में सरोज के जेठ अतीश पर भी जानलेवा हमला किया गया है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल है। यह घटना शुक्रवार देर रात हुई, लेकिन इसकी जानकारी शनिवार सुबह पुलिस को मिली। पहले तो पुलिस को यह समझ आया कि अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर सरोज पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जेठ अतीश ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। लेकिन जब सरोज के पति सतीश से सख्ती से पूछताछ हुई तो कहानी कुछ और ही निकली।
संदेह ने ले ली पत्नी की जान
पुलिस पूछताछ में आरोपित सतीश ने स्वीकार किया कि उसने एक दिन पहले अपने बड़े भाई अतीश को अंडरवियर में घूमते देख लिया था। इस दृश्य ने उसके मन में शक की चिंगारी भडक़ा दी। उसे संदेह हो गया कि भाई और उसकी पत्नी के बीच कुछ चल रहा है। उसे शक हो गया कि दोनों के बीच में अवैध संबंध हैं। इसी शक पर उसने धारदार हथियार से पहले पत्नी की हत्या की और इसके बाद सीधे अपने भाई के कमरे में घुसा और हथौड़े से उस पर वार दिया जिससे वह अचेत होकर गिर गया। बाद में आरोपी अपनी पत्नी के साथ ही रात में कमरे में रहा। सुबह इस वारदात का खुलासा हुआ। घायल अतीश को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वारदात से हर कोई स्तब्ध
इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। नवविवाहिता की हत्या और उसके जेठ पर जानलेवा हमले की खबर से लोग स्तब्ध हैं। वहीं सरोज के पिता रामनयन का कहना है कि 13 फरवरी को धूमधाम से उन्होंने शादी की थी। आठ लाख नकद दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष पांच लाख और मांग रहा था। बहरहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है।