एआर मुरुगादॉस की फिल्म सिकंदर रिलीज हो चुकी है। सलमान खान और रश्मिका मंदाना की मुख्य भूमिकाओं से सजी फिल्म का बेसब्री से इंतजार हो रहा था। उनकी पिछली एक्शन थ्रिलर फिल्मों को देखते हुए इसके सफल होने का अनुमान था, मगर यह फिल्म सिर्फ सलमान के कारण ही जानी जाएगी और संभवत: देखी भी जाएगी। फिल्म की कहानी पर प्रतिक्रियाएं भी आई हैं। कुछ का कहना है कि यह मनोरंजक है तो कुछ का कहना है कि यह थकाऊ उबाऊ है। कुल मिलाकर स्वागत मिश्रित है, कुछ दर्शकों को यह एक संतोषजनक एक्शन फिल्म लगती है, और अन्य को यह कमी लगती है।
जुगलबंदी नहीं आई काम
ईद पर रिलीज फिल्मों में सलमान खान का वर्चस्व रहा है। हर साल वह ईद के मौके पर अपने फैंस के लिए ईदी के रूप में अपनी फिल्म लेकर आते हैं। इस बार उन्होंने साउथ के मशहूर डायरेक्टर एआर मुरुगादॉस के साथ जुगलबंदी की। एआर मुरुगादॉस 2008 में जब आमिर खान की गजनी लेकर आए थे, तब फिल्म ने हंगामा मचा दिया था। अक्षय कुमार स्टारर हॉलिडे में भी उनके निर्देशन को पसंद किया गया। लेकिन इस बार एआर मुरुगादॉस का जलवा कायम नहीं रह पाया। उन्होंने अपनी फिल्म सिकंदर में तमाम मसाले डाले, मगर मात खा गए। यही वजह है कि सलमान खान का स्वैग, एक्शन, इमोशन सब बेकार होता प्रतीत हो रहा है।