HomeHindi Newsअयोध्या में 5 लाख लोगों ने किए दर्शन, सुबह से उमड़ा श्रद्धालुओं...

अयोध्या में 5 लाख लोगों ने किए दर्शन, सुबह से उमड़ा श्रद्धालुओं का सागर

अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं का सागर उमड़ पड़ा है। ऐसे में व्यवस्थाएं चौपट हो गई हैं और उप्र सरकार को भीड़ को कंट्रोल करने के लिए आला अधिकारियों को मैदान में उतारना पड़ा है। यही नहीं खुद सीएम योगी आदित्यनाथ भी शाम को अयोध्या पहुंचे। यहां आने वाले कई वाहनों का मार्ग बदला गया है तो कई बसों को रोका गया है। 5 लाख लोगों ने रामलला के दर्शन किए तो लाखों लोग कतार में लगे नजर आए। कुल मिलाकर उप्र सरकार की सोच से ज्यादा लोग उमड़ पड़े।
दर्शन के लिए जबर्दस्त उत्साह
अयोध्या के राम मंदिर में आज भी दर्शन के लिए भक्तों में जबर्दस्त उत्साह है। मंगल आरती के साथ ही दर्शन निरंतर जारी है। मौके पर प्रमुख सचिव संजय प्रसाद, डीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार और स्थानीय अधिकारी मौजूद हैं। भीड़ को व्यवस्थित करने में प्रशासन कुछ हद तक सफल रहा है। उत्तर प्रदेश के डीजी (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रमुख गृह सचिव और मुझे यहां व्यवस्थाओं को देखने के लिए भेजा गया है। हमने भीड़ प्रबंधन के लिए कतार प्रणाली में सुधार किया है। अयोध्या में हनुमान गढ़ी मंदिर के बाहर पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है।
1000 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती
आरएएफ डिप्टी कमांडेंट अरुण कुमार तिवारी ने बताया कि कल लोगों को जो परेशानी हुई, आज हमने उसे दुरुस्त करने की कोशिश की है। हमारे लगभग 1000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। आईजी रेंज अयोध्या प्रवीण कुमार ने कहा कि भीड़ लगातार मौजूद है लेकिन उसके लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। हम बुजुर्ग और दिव्यांग लोगों से अपील करते हैं कि वे दो सप्ताह बाद अपनी यात्रा का कार्यक्रम बनाएं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments