HomeHindi Newsमप्र के राजगढ़ में ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से 13 की मौत.. राष्ट्रपति ने...

मप्र के राजगढ़ में ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से 13 की मौत.. राष्ट्रपति ने भी जताया दुख

मप्र के राजगढ़ जिले के पीपलोदी रोड पर ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से राजस्थान के झालावाड़ जिले के 13 लोगों की मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल, राजगढ़ में जारी है। गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को भोपाल रेफर किया गया है। इस दुर्घटना पर सीएम मोहन यादव और राष्ट्रपति ने भी दुख जताया है। मोहन यादव ने राजस्थान के सीएम से बात भी की है।

शादी समारोह में आए थे

राजगढ़ कलेक्टर हर्ष दीक्षित ने बताया कि एक ट्रैक्टर में कुछ लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए राजस्थान से राजगढ़ आ रहे थे। राजस्थान-राजगढ़ बॉर्डर के पास में ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में 13 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। 15 लोग घायल हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। 2 लोग गंभीर रूप से घायल थे जिन्हें भोपाल रेफर किया गया है।

राष्ट्रपति ने किया ट्वीट

राजगढ़ दुर्घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया कि मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में हुई सडक़ दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दु:खद है। मैं उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूँ जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूँ।

सीएम ने भी किया ट्वीट

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ट्वीट किया कि 13 लोगों की असमय मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद हम राजस्थान सरकार के संपर्क में हैं और राजस्थान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल, राजगढ़ में जारी है। गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को भोपाल रेफर किया गया है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments