दिल्ली सरकार ने मिशन मोड में काम करना शुरू कर दिया है। मंत्रियों ने विभागीय कामकाज की समीक्षा के साथ ही फील्ड पर वस्तुस्थिति जानने का प्रयास किया। दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने मूलचंद अंडरपास पंप के उन्नयन कार्य का निरीक्षण किया। प्रवेश वर्मा ने बारापुला रोड पर पीडब्ल्यूडी परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों से बात की। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने भाजपा नेता व सांसद कमलजीत सेहरावत के साथ राव तुला राम मेमोरियल अस्पताल का दौरा किया। वहीं पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल किरण बेदी ने दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को लेकर कहा कि हमें बहुत उम्मीदें हैं। दिल्ली को उनकी जरूरत है। दिल्ली पर व्यापक ध्यान देने की जरूरत है। यमुना से लेकर कचरे के मुद्दों पर व्यापक ध्यान देना होगा।
बारिश के समय नहीं भरने देंगे पानी
दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री परवेश वर्मा ने कहा कि इतने समय से काम चल रहा है लेकिन कोई दौरा करने नहीं आया था। इनकी पेमेंट की दिक्कत है और वन विभाग से मंजूरी चाहिए। दोनों दिक्कतों को हम जल्द-जल्द दूर करेंगे। इसके बाद 12 महीने में पूरा रोड चालू हो जाएगा। फेज 4 भी प्रस्तावित है। यहां पर क्या-क्या कमियां है हम वो देखने आए थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कई स्थान हैं, जहां बारिश में पानी भर जाता है। मूलचंद फ्लाईओवर के नीचे जहां पानी भराव की शिकायत हमेशा मिलती थी। मैंने अधिकारियों से कहा है कि दिल्ली में जहां भी पानी भरता है, वहां अभी मौसम से पहले काम होना चाहिए। पंप लगने चाहिए। पानी निकासी की व्यवस्था होनी चाहिए। हम सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली में बारिश के समय में कोई ऐसी जगह ना हो जहां पानी भरे।
2019 से बन रहा भवन तैयार नहीं हुआ
भाजपा सांसद कमलजीत सेहरावत ने कहा कि हमने राव तुला राम मेमोरियल अस्पताल का दौरा किया है। इस अस्पताल की दयनीय स्थिति को लेकर मेरे मन में चिंता थी। आज जब हम यहां दौरा करने आए हैं तो हैरानी हुई कि यहां 2019 में एक भवन बन रहा था, जो अभी तक बनकर तैयार नहीं हुआ है। यहां पर कोई ब्लड बैंक नहीं है। वेंटिलेटर बेड नहीं है, आईसीयू बेड नहीं है। एंबुलेंस की स्थिति भी बहुत खराब है। स्वास्थ्य मंत्री ने हालात का जायजा लिया है, यहां के प्रमुख लोग भी हमारे साथ थे जिन्होंने अपनी बात रखी है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यहां पर सुविधाओं की जो भी कमी है उसको पूरा करेंगे और आम जनता के लिए जो भी कर सकते हैं, वो पूरा करने के लिए हम यहां आए हुए हैं।