आप ने हरियाणा सरकार पर यमुना में जहर मिलाने का आरोप लगाया था। इसके बाद हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी खुद यमुना में गए और वहां का पानी पीया। आप ने इसे मुद्दा बनाया और दावा किया सैनी ने पानी तो पीया लेकिन बाद में उसे यमुना में ही थूक दिया। खुद अरविंद केजरीवाल ने इसका वीडियो पोस्ट किया है। इस पर भाजपा ने भल पलटवार करते हुए रीयल और एडिटेड वीडियो पोस्ट कर दावा किया है कि यह आप की करतूत है।
दिल्ली के लोग कर देंगे अंतिम विसर्जन
सीएम सैनी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कपूत केजरीवाल तेरी हर विफलता के जिम्मेदार हरियाणा के लोग नहीं हैं।हरियाणा के लोग तो पुण्य- कार्य करने वाले हैं। पिछले 10 वर्षों में केजरीवाल और उनकी आप-दा टीम ने जो झूठ और फरेब का पाप- कर्म किया है, माता यमुना के साथ विश्वासघात किया है, उन सभी पाप-कर्मों का अंतिम विसर्जन दिल्ली के लोग 5 फरवरी को करने जा रहे हैं। हमारी पवित्र यमुना माता इन फरेबियों से मुक्त भी होंगी, शुद्ध भी होंगी और दिल्ली के हमारे भाई- बहनों को स्वच्छ पानी मिलने लगेगा।
झूठ और फरेब का चश्मा उतारो
बीजेपी ने एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि झूठ और फरेब का चश्मा उतारो और दोबारा वीडियो देखो केजरीवाल। अगर हिम्मत है तो दिल्ली की तरफ का यमुना का पानी पीकर दिखाओ। राजनीतिक जगत के अब तक के सबसे नीच बयानों का कीर्तिमान कपटी केजरीवाल स्थापित कर रहा है। केजरीवाल जी आप तो खुद हरियाणा के कपूत हो और आप जानते हो कि हरियाणा के लोग तो पशु-पक्षियों तक को पानी पिलाकर पुण्य के भागी बनते हैं। दिल्ली में हरियाणा के लाखों परिवार जाकर बसे हुए हैं। अब आपके जैसा कोई विक्षिप्त व्यक्ति ही इस तरह की नीच बयानबाजी कर सकता है। हम तो यमुना को माता भी मानते हैं, उनका जल भी पीते हैं। पर आपके जैसे लोग जो हर सच पर थूकने के आदी हैं, उनको सिर्फ वही दिखाई देता है। गोस्वामी तुलसीदास जी ने सही लिखा है कि जिसकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देख ही तिन तैसी।
केजरीवाल ने बताया था ढोंग
केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना का पानी पीने का ढोंग किया और फिर वही पानी वापस यमुना में थूक दिया। जब मैंने कहा कि अमोनिया की मिलावट के कारण यमुना का पानी दिल्लीवालों की जान के लिए ख़तरा हो सकता है, तो इन्होंने मुझ पर एफआईआर करने की धमकी दी। जिस जहरीले पानी को ये खुद नहीं पी सकते, वही पानी दिल्ली की जनता को पिलाना चाहते हैं। मैं ऐसा हरगिज़ नहीं होने दूंगा।