मध्य प्रदेश के देवास में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। पुलिस ने वृंदावन धाम कॉलोनी में फ्रिज से एक महिला का शव बरामद किया। जब आरोपी गिरफ्तार किया गया और उससे पूछताछ की गई तो उसने हैरंतअंगेज खुलासा किया। उसने बताया कि मार्च 2024 में उसने महिला की हत्या की थी और तब से फ्रिज में ही शव का रखा था। हैरत की बात यह है कि किराये से रहने के बाद उसने घर खाली कर दिया। दूसरा किरायादार आया, तब उसने फ्रिज खोला तो देखकर हैरान रह गया। इस तरह हत्या का राजफाश हुआ।
दो रूम पहले से थे लॉक
एसपी पुनीत गेहलोत ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि वृंदावन धाम कॉलोनी में एक फ्रिज में एक महिला का शव पाया गया। मकान धीरेंद्र श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति का है, जो इंदौर में रहते हैं। उन्होंने बलबीर राजपूत नाम के व्यक्ति को मकान किराए पर दिया था। मकान के दो रूम पहले से लॉक थे जो कि उनसे पूर्व किराए पर रहे लोग ने किया था। कल उस रूम की साफ-सफाई की गई और आज सुबह जब रूम में पड़े फ्रिज को खोलने का प्रयास किया तो उसमें एक महिला का शव मिला। पूछताछ में पता चला कि बलबीर राजपूत से पहले संजय नामक व्यक्ति रहता था जो कि उज्जैन का निवासी है। संजय के साथ यहां प्रतिभा उर्फ पिंकी नाम की एक महिला रहती थी।
लिव-इन-रिलेशनशिप का अंजाम हत्या
पड़ोसी के अनुसार उस महिला को मार्च 2024 के बाद देखा नहीं गया था। संजय को पुलिस ने हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। वह 5 साल से प्रतिभा के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहा था। उसने करीब 3 साल महिला को उज्जैन में रखा फिर उसने यहां देवास में एक मकान किराए पर लेकर उसे यहां रखा। आरोपी ने बताया 2024 की शुरुआत में मृतका द्वारा शादी को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। इसकी वजह से उसने अपने एक सहयोगी विनोद के साथ मिलकर महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी और अपराध को छुपाने के लिए उसने शव को फ्रिज में डाल दिया।