कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक बार फिर भडक़ाऊ बयान दिया है। महाराष्ट्र के सांगली में उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर जमकर हमला बोला। खरगे ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की तुलना ‘जहर’ से की और उन्हें भारत में ‘राजनीतिक रूप से सबसे खतरनाक’ बताया। खरगे ने कहा कि अगर भारत में राजनीतिक रूप से सबसे खतरनाक कोई चीज है तो वह भाजपा और आरएसएस हैं। वे जहर की तरह हैं और अगर सांप काटता है तो वह व्यक्ति मर जाता है। ऐसे जहरीले सांप को मार देना चाहिए। भाजपा ने इस पर पलटवार किया है और पूछा है कि क्या यही राहुल गांधी की मोहब्बत की दुकान है?
शांत नहीं हुई है मोदी की सत्ता भूख
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में प्रचार करने वाले नेताओं की संख्या, मैदान में उतरे उनके उम्मीदवारों की संख्या से कहीं ज्यादा है। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री और अन्य नेता यहां आए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी यहां थे। उत्तर प्रदेश के झांसी के एक अस्पताल में आग लगने से 10 बच्चे मर गए। इसके बावजूद महाराष्ट्र में उनकी जनसभाएं नहीं रुकीं। उन्होंने कहा कि यह विधानसभा का चुनाव है, कोई देश का प्रधानमंत्री चुनने का नहीं। लगता है कि मोदी की ‘सत्ता की भूख’ अभी शांत नहीं हुई है।
देश के टुकड़े करना चाहते हैं : शिवराज
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर कहा कि यह नफरत की पराकाष्ठा है। राहुल गांधी कहते हैं कि मैं मोहब्बत की दुकान चलाता हूं और यह मोहब्बत की दुकान की भाषा है कि जहरीला सांप है भाजपा, इसे मार देना चाहिए। शिवराज ने कहा कि नफरत से भरे लोग देश में नफरत फैला रहे हैं। पहले इन्होंने धर्म के आधार पर देश का विभाजन किया, अब जातियों में बांटकर देश के टुकड़े करना चाहते हैं। भारत की जनता इस नफरत का जवाब देगी।