छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने गृहग्राम बगिया में आयोजित मोर बूथ-मोर अभियान सदस्यता कार्यक्रम में सम्मिलित होकर स्थानीय लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। उन्होंने सदस्यता अभियान 2024 के तहत अपने बूथ पर 100 नए सदस्य बनाकर संगठन की शक्ति को और मजबूत करने का दायित्व निभाया। उन्होंने अपील की कि आइए भाजपा से जुडक़र हम सब राष्ट्र को सशक्त बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएं। सीएम ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा हर बूथ में 100 लोगों को सदस्य बनाने का काम कर रही है, जो पार्टी के अंत्योदय के लक्ष्य को प्रदर्शित करता है।
विकसित छत्तीसगढ़ की परिसंकल्पना को साकार करेंगे
सीएम साय ने कहा कि पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के मार्ग पर चलकर हम प्रदेशवासियों की उन्नति के लिए संकल्पित है। मैं आप सभी से विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ की परिसंकल्पना को साकार करने, भाजपा का सदस्य बनने का आग्रह करता हूँ।
बगिया में मिलने वालों का लगा रहा तांता
मुख्यमंत्री विष्णु देव जशपुर जिले में अपने गृह ग्राम बगिया के प्रवास पर पहुंचे तो बगिया स्थित निवास कार्यालय में उनसेे मिलने के लिए आम लोगों का ताता लगा रहा। लोग अपनी समस्याओं के निराकरण और मांगों से संबंधित आवेदन लेकर उनसे मिले। लोगों ने मौखिक रूप से मुख्यमंत्री साय के समक्ष अपनी मांगों और समस्याओं को रखा। मुख्यमंत्री साय ने सभी मांगों और समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और उचित कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
साय के सीएम बनने से क्षेत्र का हुआ विकास
मुख्यमंत्री से मिलकर लोग काफी खुश दिखे। उन्होंने बताया की मुख्यमंत्री एक अभिभावक की तरह सबकी मांगों और समस्याओं के निराकरण के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। विष्णु देव साय के मुख्यमंत्री बनने से इस क्षेत्र के विकास को गति मिली है। मुख्यमंत्री साय हमेशा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान करते आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने मोदी जी की अधिकांश गारंटियां पूरी कर दी हैं। हमारी सरकार राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आप सब शासन की योजनाओं के संबंध में जानकारी लेकर इसका अधिक से अधिक लाभ लें।
