जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आज कांग्रेस की बैठक हुई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे ही हमें पता चला कि चुनाव होने वाले हैं तो मल्लिकार्जुन खरगे और हम मिले। हमने तय किया कि हमें सबसे पहले जम्मू-कश्मीर जाना चाहिए। हम जम्मू और कश्मीर के लोगों और हिंदुस्तान के हर राज्य के लोगों को ये संदेश देना चाहते हैं कि हमारे लिए यहां के लोगों का प्रतिनिधित्व व राज्य का दर्जा सबसे जरूरी चीज है। हिंदुस्तान के इतिहास में आजादी के बाद कई बार केंद्रीय शासित प्रदेश को राज्य में बदला गया है, लेकिन एक ही उदाहरण है जब राज्य का दर्जा छीनकर केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया है। हम संदेश देना चाहते हैं कि जम्मू और कश्मीर के लोगों का प्रतिनिधित्व हमारे लिए और देश के लोगों के लिए जरूरी है इसलिए हम यहां पहले आए हैं।
जिस डर में आप जीते हो, उसे मिटाना चाहते हैं
राहुल गांधी ने कहा कि मैं लोकतंत्र की रक्षा पूरे देश में करता हूं लेकिन मेरे लिए जम्मू और कश्मीर के लोगों के दिल के दर्द को मिटाना ही लक्ष्य है। जो आपको सहना पड़ता है, जिस डर में आप जीते हो, जो दुख आपको है उसे मैं, मल्लिकार्जुन खरगे, पूरी कांग्रेस पार्टी हमेशा के लिए मिटाना चाहते हैं। आत्मविश्वास से, निडरता के साथ किसी ने जम्मू-कश्मीर में काम किया है तो वो कांग्रेस का कार्यकर्ता है। मैं जानता हूं कि आपको क्या सहना पड़ता है। राहुल ने कहा कि गठबंधन होगा लेकिन कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं का सम्मान बरकरार रखते हुए होगा। क्योंकि आपने अपना पूरा जीवन कांग्रेस की विचारधारा की रक्षा करने में और उसे आगे बढ़ाने में दिया है। देश की हालत आप जानते ही हैं।
लडऩे वाले एक ही बहादुर व्यक्ति हैं, वो हैं राहुल गांधी : खरगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा कि उनका रिश्ता जम्मू-कश्मीर से है। हमारी अपेक्षा है कि जम्मू-कश्मीर की जनता आने वाले चुनाव में जरूर हमारा साथ देगी लेकिन आपको पूरी ताकत लगानी पड़ेगी। भाजपा हमेशा तय करती है कि कहां से चुनाव शुरू करने हैं, किस ढंग से लोगों को चुनकर लाना है और उनका सारा गुस्सा कांग्रेस के ऊपर है। लडऩे वाला एक ही बहादुर व्यक्ति है और वो हैं राहुल गांधी। इसलिए डरने वालों का साथ मत दीजिए। हम लोग, हमारी पार्टी आपके साथ है और साथ रहेगी। हमें केवल वोटों के लिए आपकी जरूरत नहीं है बल्कि हमें इस देश को बचाने के लिए आपका वोट चाहिए।