छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर प्रदेश के दूरदराज के क्षेत्र से उपचार के लिए राजधानी रायपुर आने वाले गरीब मरीज और उनके परिजनों की सुविधा के लिए कुनकुरी सेवा सदन शुरू किया गया है। सदन में विभिन्न बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और उनके परिजनों के रहने की अच्छी व्यवस्था है। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। डॉक्टर सहित मेडिकल टीम और मरीजों को अस्पताल लाने ले जाने के लिए एंबुलेंस की सेवा भी नि:शुल्क उपलब्ध है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सवेरे कुनकुरी सेवा सदन पहुंचे और यहां स्वास्थ्य लाभ उठा रहे मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा की। उन्होंने मरीजों से उनकी बीमारी और चल रहे उपचार की जानकारी लेने के साथ ही कुनकुरी सदन में मिल रही सुविधा के संबंध में विस्तार से जाना।
किसान से लेकर सभी वर्ग के लोग आए
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कुनकुरी सदन में महिला एवं पुरूष डॉक्टर तथा मेडिकल स्टॉफ पदस्थ हैं, जो सबकी सेवा कर रहे हैं। यहां दूरस्थ अंचलों से मरीज इलाज के लिए आए हैं। किसान से लेकर सभी वर्ग के लोग यहां आते हैं। सीएम ने कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र के नाम पर इस सदन का नाम कुनकुरी सदन रखा गया है। अभी अस्पताल में बेड अलॉट नहीं हो पाता तो उन्हें यहां के अधिकारी सहयोग करते हैं, मार्गदर्शन देते हैं। अस्पताल में चिकित्सकों से बात करके उनका समुचित इलाज की व्यवस्था भी करते हैं।
![](https://theliberalworld.com/wp-content/uploads/2024/06/CG-02-1024x682.jpg)
जरूरतमंद मरीजों का इलाज कराने में मेरी रुचि
मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन की शुरुआत से ही जरूरतमंद मरीजों का इलाज कराने में मेरी रुचि रही है। रायपुर में अंबेडकर मेडिकल कालेज, मेकाहारा, एम्स सहित निजी चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाने के लिए दूरस्थ अंचलों से रोजाना सैकड़ों जरूरतमंद लोग रायपुर पहुंचते हैं। उन्हीं के लिए छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने कुनकुरी सेवा सदन की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री साय ने कार्यकाल के पहले दिन से ही सख्ती दिखानी शुरू कर दी थी। उन्होंने शपथ लेने के बाद एंबुलेंस सेवा को सुधारने का पहला निर्देश अधिकारियों को दिया था। सभी सरकारी अस्पतालों में सस्ती जैनरिक दवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी मुख्यमंत्री की पहल पर हो चुकी है।
![](https://theliberalworld.com/wp-content/uploads/2024/06/CG-01-1024x834.jpg)