हरियाणा में एक बंदर की सर्जरी हुई है। पहली बार किसी बंदर की आंख का ऑपरेशन हुआ और अब इस बेजुबान की आंखों की रोशनी लौट आई है। हरियाणा के हिसार में लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में बंदर के मोतियाबिंद का सफल ऑपरेशान हुआ। दरअसल आंखों में मोतियाबिंद होने के कारण वह ठीक से देख नहीं पाता था। जब सर्जन ने उसकी आंख का ऑपरेशन किया तो आंखों की रोशनी लौट आई और बंदर भी इससे खुश नजर आया।
पकड़ लिया था बिजली का तार
बताया जाता है कि आंखों से दिखाई नहीं देने के कारण बंदर ने बिजली का तार पकड़ लिया था। जब वह झुलस गया तो लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पशु चिकित्सक आरएन चौधरी ने बताया कि वह जलने के कारण ठीक से चल नहीं पा रहा था। कई दिनों की देखभाल और इलाज के बाद वह चलने लगा। डाक्टरों को आभास हुआ कि वह देख नहीं पा रहा है। इसके बाद उसकी जांच हुई और ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया।
ऑपरेशन में लगे एक घंटे
बंदर को सर्जरी विभाग में लाया गया। पशु नेत्र इकाई में जांच के बाद पता चला कि आंखों में सफेद मोतियाबिंद हो गया है। सर्जन ने तैयारी की और बंदर को बेहोश कर उसका ऑपरेशन किया गया। एक घंटे की मेहनत के बाद आखिरकार बंदर का ऑपरेशन सफल हुआ और अब उसे समुचित विश्राम के बाद जंगल में छोड़ दिया जाएगा, जहां वह अपना जीवन यापन कर सकेगा।